उत्तराखण्ड के IPS लोकेश्वर सिंह का संयुक्त राष्ट्र से सम्बद्ध अंतरराष्ट्रीय संगठन में चयन,, भारत और राज्य के लिए गौरव का क्षण — शांति स्थापना, संस्थागत अखंडता और सतत विकास के क्षेत्र में देंगे योगदान,, वर्तमान में पौड़ी के एसएसपी, कई जनपदों में दे चुके हैं उत्कृष्ट सेवाएं

इन्तजार रजा हरिद्वार- उत्तराखण्ड के IPS लोकेश्वर सिंह का संयुक्त राष्ट्र से सम्बद्ध अंतरराष्ट्रीय संगठन में चयन,,
भारत और राज्य के लिए गौरव का क्षण — शांति स्थापना, संस्थागत अखंडता और सतत विकास के क्षेत्र में देंगे योगदान,,
वर्तमान में पौड़ी के एसएसपी, कई जनपदों में दे चुके हैं उत्कृष्ट सेवाएं
देहरादून।
उत्तराखण्ड के लिए एक और गर्व का क्षण आया है। राज्य कैडर के 2014 बैच के आईपीएस अधिकारी लोकेश्वर सिंह का चयन संयुक्त राष्ट्र (यूएन) से सम्बद्ध एक प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय संगठन में हुआ है। यह नियुक्ति वैश्विक स्तर पर भारत की प्रशासनिक क्षमता, पुलिस सेवा की पेशेवर दक्षता और उत्तराखण्ड पुलिस की साख को नई ऊंचाई प्रदान करेगी। वर्तमान में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी), पौड़ी गढ़वाल के रूप में कार्यरत लोकेश्वर सिंह का चयन एक कठिन, पारदर्शी और अत्यधिक प्रतिस्पर्धी प्रक्रिया के तहत हुआ है, जिसमें विश्वभर के योग्य अधिकारी भाग लेते हैं।
राज्य की पुलिस सेवा में उत्कृष्ट योगदान
लोकेश्वर सिंह ने पिछले 11 वर्षों में उत्तराखण्ड पुलिस सेवा में अनेक महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। उन्होंने हरिद्वार, देहरादून, बागेश्वर, चंपावत और पिथौरागढ़ जैसे जिलों में उल्लेखनीय सेवाएं दी हैं।
उनकी नेतृत्व क्षमता, संवेदनशील पुलिसिंग और कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में किए गए प्रयासों को प्रदेशभर में सराहा गया है। चाहे भीड़ प्रबंधन की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियाँ हों या साइबर अपराध नियंत्रण जैसे आधुनिक क्षेत्र — हर जगह उन्होंने व्यावहारिक और मानवीय दृष्टिकोण के साथ बेहतर परिणाम दिए हैं।
अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निभाएंगे बड़ी भूमिका
संयुक्त राष्ट्र से सम्बद्ध इस संगठन में वे अब संस्थागत अखंडता, शांति स्थापना और सतत विकास (Institutional Integrity, Peace Building & Sustainable Development) जैसे वैश्विक लक्ष्यों को आगे बढ़ाने में योगदान देंगे।
उनकी यह भूमिका न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है बल्कि यह भारत के उस भरोसे और क्षमता को दर्शाती है, जिसके बल पर हमारे अधिकारी विश्व स्तर पर प्रशंसित हो रहे हैं।
भारत और उत्तराखण्ड दोनों के लिए सम्मान का विषय
लोकेश्वर सिंह का चयन भारत के लिए एक गौरवशाली उपलब्धि है और उत्तराखण्ड के लिए विशेष गर्व का क्षण। उनकी नियुक्ति से जहां भारत का प्रतिनिधित्व अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं में और सशक्त होगा, वहीं उत्तराखण्ड पुलिस की प्रतिष्ठा भी वैश्विक मंच पर स्थापित होगी।
सूत्रों के अनुसार, वे शीघ्र ही राज्य पुलिस मुख्यालय और उत्तराखण्ड सरकार को आवश्यक अनुमोदन हेतु आवेदन प्रस्तुत करेंगे। अनुमोदन प्राप्त होने के उपरांत वे राज्य कैडर से कार्यमुक्त होकर अपनी नई अंतरराष्ट्रीय जिम्मेदारी संभालेंगे।
राज्य में हर्ष की लहर
आईपीएस लोकेश्वर सिंह के इस चयन की खबर से उत्तराखण्ड पुलिस विभाग में हर्ष की लहर दौड़ गई है। वरिष्ठ अधिकारियों ने इसे प्रदेश की पुलिस सेवा के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण बताया है।
पुलिस विभाग के अधिकारियों ने कहा कि यह न केवल व्यक्तिगत सफलता है बल्कि यह उस निष्ठा, ईमानदारी और सेवा भावना का प्रमाण है, जिसके लिए उत्तराखण्ड पुलिस जानी जाती है।