उत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरें

पेट्रोल-डीजल और गैस की महंगाई पर कांग्रेस का हल्लाबोल! कंधों पर सिलेंडर उठाकर सड़कों पर उतरे कांग्रेसी, भाजपा सरकार के खिलाफ फूटा गुस्सा,, शिवालिक नगर चौक पर जोरदार प्रदर्शन, केंद्र और राज्य सरकार का फूंका पुतला; कांग्रेस नेताओं ने कहा— महंगाई ने तोड़ दी आम आदमी की कमर,, पूर्व प्रदेश सचिव मनोज धनगर और श्रमिक नेता राजबीर चौहान बोले— पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के बढ़ते दाम वापस नहीं लिए तो सड़क से सदन तक छेड़ा जाएगा बड़ा आंदोलन,,

पेट्रोल-डीजल और गैस की महंगाई पर कांग्रेस का हल्लाबोल! कंधों पर सिलेंडर उठाकर सड़कों पर उतरे कांग्रेसी, भाजपा सरकार के खिलाफ फूटा गुस्सा,,

शिवालिक नगर चौक पर जोरदार प्रदर्शन, केंद्र और राज्य सरकार का फूंका पुतला; कांग्रेस नेताओं ने कहा— महंगाई ने तोड़ दी आम आदमी की कमर,,

पूर्व प्रदेश सचिव मनोज धनगर और श्रमिक नेता राजबीर चौहान बोले— पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के बढ़ते दाम वापस नहीं लिए तो सड़क से सदन तक छेड़ा जाएगा बड़ा आंदोलन,,

हरिद्वार। देश में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों को लेकर कांग्रेस ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। हरिद्वार के रानीपुर विधानसभा क्षेत्र स्थित शिवालिक नगर चौक पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए भाजपा सरकार पर महंगाई बढ़ाने का आरोप लगाया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कंधों पर गैस सिलेंडर उठाकर विरोध जताया तथा सरकार विरोधी नारे लगाए। प्रदर्शन के बाद सरकार का प्रतीकात्मक पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया गया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पेट्रोलियम पदार्थों की लगातार बढ़ती कीमतों ने आम आदमी का जीवन मुश्किल बना दिया है। पेट्रोल और डीजल के दामों में लगातार हो रही वृद्धि का सीधा असर परिवहन, कृषि, व्यापार और दैनिक जरूरतों की वस्तुओं पर पड़ रहा है। इसका परिणाम यह है कि बाजार में महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है और आम जनता आर्थिक दबाव झेलने को मजबूर है।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि घरेलू गैस सिलेंडर और व्यवसायिक गैस सिलेंडर की कीमतों में हुई बढ़ोतरी ने गरीब, मध्यमवर्गीय परिवारों और छोटे व्यापारियों की कमर तोड़ दी है। रसोई का बजट लगातार बिगड़ रहा है और आम लोगों के लिए घर का खर्च चलाना चुनौती बनता जा रहा है। बावजूद इसके सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने के बजाय जनता की समस्याओं से मुंह मोड़ रही है।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस के पूर्व प्रदेश सचिव मनोज धनगर ने कहा कि भाजपा सरकार जनता को राहत देने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण पेट्रोल, डीजल और गैस के दाम लगातार बढ़ रहे हैं जबकि आम लोगों की आय में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि जनता को राहत देने के बड़े-बड़े दावे करने वाली सरकार आज महंगाई के मुद्दे पर पूरी तरह बेबस दिखाई दे रही है।

मनोज धनगर ने कहा कि देश में बेरोजगारी और महंगाई दोनों चरम पर हैं। युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा और दूसरी ओर रोजमर्रा की जरूरतों का सामान लगातार महंगा होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में आम आदमी सबसे ज्यादा आर्थिक संकट से जूझ रहा है।

वहीं श्रमिक नेता राजबीर चौहान ने कहा कि सबसे अधिक परेशानी मजदूर, किसान, रिक्शा चालक, छोटे व्यापारी और निम्न आय वर्ग के लोगों को हो रही है। डीजल महंगा होने से खेती की लागत बढ़ रही है जबकि पेट्रोल की कीमतों में वृद्धि का असर हर क्षेत्र पर दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को तत्काल बढ़ी हुई कीमतें वापस लेकर जनता को राहत देनी चाहिए।

राजबीर चौहान ने कहा कि कांग्रेस जनता के हितों की लड़ाई लड़ती रहेगी और महंगाई के मुद्दे पर किसी भी कीमत पर पीछे नहीं हटेगी। यदि पेट्रोल, डीजल और गैस के बढ़े हुए दाम वापस नहीं लिए गए तो कांग्रेस चरणबद्ध तरीके से आंदोलन को और तेज करेगी। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में जिलेभर में व्यापक जनजागरण अभियान चलाकर लोगों को महंगाई के खिलाफ एकजुट किया जाएगा।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर महंगाई के विरोध में अपनी आवाज बुलंद की और सरकार से पेट्रोल, डीजल तथा गैस की कीमतों में तत्काल कमी करने की मांग की।

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि जिस तेजी से पेट्रोलियम पदार्थों के दाम बढ़ रहे हैं, उससे आम आदमी का जीवन प्रभावित हो रहा है। परिवहन खर्च बढ़ने से खाद्य पदार्थों और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतें भी लगातार बढ़ रही हैं। ऐसे में सरकार को जनता की परेशानी समझते हुए तुरंत प्रभावी कदम उठाने चाहिए।

कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने जल्द कोई ठोस निर्णय नहीं लिया तो पार्टी सड़क से लेकर सदन तक महंगाई के खिलाफ बड़ा जनआंदोलन खड़ा करेगी। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाते हुए आम जनता के हित में संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button