अलर्टइन्वेस्टिगेशनउत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरेंऑपरेशन कालनेमिजनता दरबारजनसुनवाई

हर सोमवार जनता दरबार: समस्याओं के त्वरित समाधान को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की सख़्त पहल,, जनसुनवाई में 81 शिकायतें दर्ज, 36 का मौके पर निस्तारण—लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई,, सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों पर सख़्ती, 36 दिन से अधिक पुरानी शिकायतें तुरंत निपटाने के निर्देश

इन्तजार रजा हरिद्वार- हर सोमवार जनता दरबार: समस्याओं के त्वरित समाधान को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की सख़्त पहल,,

जनसुनवाई में 81 शिकायतें दर्ज, 36 का मौके पर निस्तारण—लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई,,

सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों पर सख़्ती, 36 दिन से अधिक पुरानी शिकायतें तुरंत निपटाने के निर्देश

हरिद्वार, 19 जनवरी 2026

जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और समयबद्ध समाधान को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में प्रत्येक सोमवार को आयोजित होने वाला जनसुनवाई कार्यक्रम प्रशासन और जनता के बीच एक सशक्त सेतु बनकर उभर रहा है। इसी क्रम में आज जिला कार्यालय सभागार में आयोजित जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से जुड़ी कुल 81 शिकायतें/समस्याएं दर्ज की गईं, जिनमें से 36 समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित निराकरण के लिए प्रेषित किया गया।

जनसुनवाई कार्यक्रम में राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, राशन, अतिक्रमण, पेयजल, साफ-सफाई, सड़क, नाली, पैमाइश और पंचायत से जुड़े मामलों को लेकर फरियादियों ने अपनी समस्याएं रखीं। जिलाधिकारी ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी

जनता की आवाज़: जनसुनवाई में उठीं ज़मीनी समस्याएं

जनसुनवाई के दौरान रुड़की वार्ड संख्या 23 के निवासी जयपाल सिंह पुत्र ईसम सिंह ने ज्ञान विहार कॉलोनी एवं पंचायती बस्ती में जगह-जगह लगे कूड़े के ढेरों की शिकायत की। उन्होंने बताया कि कूड़े के कारण क्षेत्र में बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है। जिलाधिकारी ने संबंधित नगर निकाय अधिकारियों को तत्काल सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

वहीं ग्राम पंचायत रावली महदूद, बहादराबाद के ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत में स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर भवन कुछ वर्ष पूर्व भारी वर्षा से क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसके बाद भू-माफियाओं द्वारा भवन की भूमि पर कब्जा कर लिया गया है। इस पर जिलाधिकारी ने मामले को गंभीर मानते हुए कब्जा मुक्त कराने एवं आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

मदन निवासी ग्राम औरंगाबाद ने उत्तराखंड पेयजल संस्थान से काफी समय पहले पेयजल लाइन के नए कनेक्शन के लिए आवेदन करने के बावजूद कनेक्शन न मिलने की शिकायत की। जिलाधिकारी ने पेयजल विभाग को शीघ्र कनेक्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

ज्वालापुर के मोहल्ला तेलियान निवासी तिलकराम पुत्र मंगतराम ने शिकायत की कि स्टेट बैंक के सामने वाली गली से वक्फ बोर्ड की पार्किंग होते हुए बॉबी चिकन की दुकान तक बन रही सीसी रोड पर दोनों ओर की नालियों पर अतिक्रमण कर लिया गया है। जिलाधिकारी ने अतिक्रमण हटाकर सड़क और नालियों को कब्जा मुक्त कराने के निर्देश दिए।

इसके अलावा सर्वेश कुमार पुत्र सियाराम निवासी अन्नेकी कलां ने अपनी कृषि भूमि की पैमाइश पुलिस बल की मौजूदगी में कराने की मांग रखी, जबकि जाहिद पुत्र साबर अली निवासी ग्राम इक्कड़ खुर्द ने पड़ोसियों द्वारा उनकी भूमि की मेड तोड़कर अतिक्रमण किए जाने की शिकायत की। जिलाधिकारी ने दोनों मामलों में राजस्व अभिलेखों के अनुसार पैमाइश कराकर निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

लापरवाही पर सख़्ती: दोबारा जनसुनवाई में शिकायत नहीं आनी चाहिए

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि जनसुनवाई में दर्ज प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण अनिवार्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई शिकायतकर्ता अपनी समस्या को लेकर दोबारा जनसुनवाई में आता है और वह शिकायत संबंधित अधिकारी द्वारा समय पर निस्तारित की जा सकती थी, तो ऐसे अधिकारी के विरुद्ध कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन शिकायतों में स्थलीय निरीक्षण की आवश्यकता है, वहां संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ मौके पर जाकर समस्या का समाधान सुनिश्चित करें, ताकि जनता को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें।

सीएम हेल्पलाइन पर विशेष फोकस: लंबित शिकायतें जल्द होंगी निस्तारित

जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की भी विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज सभी शिकायतों का संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ निराकरण किया जाए।

जिलाधिकारी ने बताया कि 36 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। समीक्षा में पाया गया कि एल-1 स्तर पर 529 शिकायतें तथा एल-2 स्तर पर 87 शिकायतें लंबित हैं। इन सभी मामलों में संबंधित अधिकारियों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए।

बैठक में रहे वरिष्ठ अधिकारी और फरियादी मौजूद

जनसुनवाई कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा, अपर जिलाधिकारी दीपेंद्र सिंह नेगी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.के. सिंह, अधिशासी अभियंता सिंचाई ओमजी गुप्ता, सहायक परियोजना निदेशक नलिनीत घिल्डियाल, मुख्य शिक्षा अधिकारी आशुतोष भंडारी, प्रोजेक्ट मैनेजर पेयजल निगम (गंगा) मीनाक्षी मित्तल, जिला पंचायत राज अधिकारी अतुल प्रताप सिंह, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी नलिनी ध्यानी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, नोडल स्वजल चंद्रकांत मणि त्रिपाठी, परियोजना निदेशक उरेडा वाई.एस. बिष्ट सहित जिला स्तरीय अधिकारी, कर्मचारी एवं विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादी उपस्थित रहे।

जनसुनवाई कार्यक्रम के माध्यम से जिला प्रशासन यह संदेश दे रहा है कि जनता की समस्याएं प्राथमिकता हैं और उनके समाधान में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की सख़्त कार्यशैली और स्पष्ट निर्देशों से यह उम्मीद मजबूत हुई है कि आने वाले समय में जनपदवासियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button