ई-रिक्शा कारोबारियों पर परिवहन विभाग का बड़ा शिकंजा! तीन डीलरशिप सील, कई पर लटकी कार्रवाई की तलवार,, डीएम मयूर दीक्षित के निर्देश पर चला विशेष अभियान, जगजीतपुर में मची खलबली; नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों पर कसा गया शिकंजा,, ट्रेड सर्टिफिकेट और टैक्स रिकॉर्ड में मिली भारी गड़बड़ी, बंद मिले प्रतिष्ठानों के शटरों पर चस्पा हुए नोटिस,,

ई-रिक्शा कारोबारियों पर परिवहन विभाग का बड़ा शिकंजा! तीन डीलरशिप सील, कई पर लटकी कार्रवाई की तलवार,,
डीएम मयूर दीक्षित के निर्देश पर चला विशेष अभियान, जगजीतपुर में मची खलबली; नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों पर कसा गया शिकंजा,,
ट्रेड सर्टिफिकेट और टैक्स रिकॉर्ड में मिली भारी गड़बड़ी, बंद मिले प्रतिष्ठानों के शटरों पर चस्पा हुए नोटिस,,
हरिद्वार में ई-रिक्शा कारोबार के नाम पर नियमों को ताक पर रखकर व्यवसाय करने वालों के खिलाफ परिवहन विभाग ने बड़ा एक्शन लिया है। जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित के निर्देशों के अनुपालन में चलाए गए विशेष प्रवर्तन अभियान के दौरान जगजीतपुर क्षेत्र में संचालित कई ई-रिक्शा डीलरशिपों की जांच की गई, जिसमें गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर तीन डीलरशिपों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) निखिल शर्मा एवं सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई ने क्षेत्र के वाहन कारोबारियों में हड़कंप मचा दिया। जांच के दौरान अधिकारियों ने डीलरशिपों के ट्रेड सर्टिफिकेट, अग्रिम कर भुगतान और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की गहन पड़ताल की। कई प्रतिष्ठानों में दस्तावेजी खामियां और वैधानिक नियमों के उल्लंघन पाए गए, जिसके बाद विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई को अंजाम दिया।
अभियान के दौरान चार अन्य प्रतिष्ठान बंद मिले और उनके संचालक मौके पर उपस्थित नहीं थे। ऐसे मामलों में विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू करते हुए संबंधित प्रतिष्ठानों के शटरों पर नोटिस चस्पा किए गए हैं। संचालकों को निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने साफ कर दिया है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
परिवहन विभाग का कहना है कि बिना वैध ट्रेड सर्टिफिकेट तथा निर्धारित करों का भुगतान किए वाहन व्यवसाय संचालित करना मोटर वाहन अधिनियम का सीधा उल्लंघन है। ऐसे मामलों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में जनपद भर में ऐसे विशेष निरीक्षण अभियान लगातार चलाए जाएंगे और नियमों की अनदेखी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी।
इस अभियान में परिवहन कर अधिकारी मुकेश भारती, संभागीय निरीक्षक आनंद वर्धन सहित परिवहन विभाग की पूरी टीम मौजूद रही। विभाग ने सभी ई-रिक्शा विक्रेताओं और वाहन डीलरों को चेतावनी देते हुए कहा है कि वे सभी वैधानिक प्रावधानों, ट्रेड सर्टिफिकेट की शर्तों और कर भुगतान संबंधी नियमों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करें, अन्यथा सीलिंग, जुर्माना और अन्य कानूनी कार्रवाई के लिए तैयार रहें।



