हरेला पर डीएम मयूर दीक्षित ने किया पौधरोपण,, रोशनाबाद जिला कार्यालय परिसर में लगाया फलदार अमरूद का पौधा, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश,, जनपदवासियों से अधिकाधिक पौधे लगाकर उनकी देखभाल करने की अपील

हरेला पर डीएम मयूर दीक्षित ने किया पौधरोपण,,
रोशनाबाद जिला कार्यालय परिसर में लगाया फलदार अमरूद का पौधा, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश,,
जनपदवासियों से अधिकाधिक पौधे लगाकर उनकी देखभाल करने की अपील
हरिद्वार। उत्तराखण्ड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने गुरुवार को रोशनाबाद स्थित जिला कार्यालय परिसर में फलदार अमरूद का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण और हरित उत्तराखण्ड के संकल्प को मजबूत करने का संदेश दिया।
पौधरोपण के बाद जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि हरेला पर्व प्रकृति के प्रति हमारी आस्था, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने सभी जनपदवासियों से अपने घर, गांव, विद्यालय, कार्यालय तथा सार्वजनिक स्थलों पर अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि पौधरोपण तभी सार्थक होगा, जब लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनाया जाए। पर्यावरण संरक्षण, जलवायु संतुलन और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार सहित जिला कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने हरेला पर्व पर पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया।



