एनकाउंटर- दौलतपुर के जंगल में फिर गरजी बहादराबाद पुलिस की बंदूक! हैप्पी हत्याकांड के शूटर से मुठभेड़, शूटर मुदस्सिर के पैर में लगी गोली……. एक बदमाश पुलिस की गिरफ्त में, दूसरा अंधेरे में फरार; घायल मुदस्सिर अस्पताल में भर्ती, SSP नवनीत सिंह भुल्लर ने अस्पताल पहुंचकर की पूछताछ—जंगल में रातभर कांबिंग नाकाबंदी कर पड़ताल

एनकाउंटर- दौलतपुर के जंगल में फिर गरजी बहादराबाद पुलिस की बंदूक! हैप्पी हत्याकांड के शूटर से मुठभेड़, शूटर मुदस्सिर के पैर में लगी गोली…….
एक बदमाश पुलिस की गिरफ्त में, दूसरा अंधेरे में फरार; घायल मुदस्सिर अस्पताल में भर्ती, SSP नवनीत सिंह भुल्लर ने अस्पताल पहुंचकर की पूछताछ—जंगल में रातभर कांबिंग नाकाबंदी कर पड़ताल

हरिद्वार। रात का सन्नाटा… दौलतपुर का जंगल… और अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा इलाका गूंज उठा। बहादराबाद के शांतरशाह में हुए चर्चित हैप्पी हत्याकांड के आरोपियों तक पहुंची पुलिस टीम का बदमाशों से आमना-सामना हो गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मुदस्सिर निवासी सहारनपुर के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया।
मुठभेड़ के दौरान उसका दूसरा साथी पुलिस को चकमा देकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए जंगल में फरार हो गया। फरार बदमाश को पकड़ने के लिए पुलिस ने तत्काल इलाके की घेराबंदी कर दी और जंगल में सघन कांबिंग ऑपरेशन शुरू कर दिया।
एक बदमाश गिरा… दूसरा अंधेरे में गायब
पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के बाद घायल मुदस्सिर को गिरफ्तार कर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। इसके बाद अस्पताल पहुंचे एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और घायल आरोपी से पूछताछ भी की।
अब पुलिस की नजर उस दूसरे बदमाश पर है, जो अंधेरे में जंगल की तरफ भाग निकला। संभावित रास्तों और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस टीमें लगातार तलाश कर रही हैं।
14 सितंबर की वारदात से जुड़ा है मामला
शांतरशाह में करीब एक सप्ताह पहले बाइक मैकेनिक हैप्पी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। रिपोर्टों के मुताबिक दुकान में दो नकाबपोश बदमाश पहुंचे थे और फायरिंग कर फरार हो गए थे। घटना के बाद से पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी थी।
अब मुठभेड़ में मुदस्सिर के घायल होकर पकड़े जाने से जांच को नया मोड़ मिला है। पुलिस उससे यह जानने में जुटी है कि हैप्पी की हत्या क्यों की गई, वारदात के पीछे किसकी साजिश थी और इस पूरे खेल में और कौन-कौन शामिल है।
अब बारी फरार साथी की…
एक आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है, लेकिन कहानी का दूसरा किरदार अभी जंगल में है। पुलिस का कांबिंग ऑपरेशन जारी है और फरार बदमाश की तलाश तेज कर दी गई है।हैप्पी हत्याकांड में पहली बड़ी गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस की नजर उस फरार बदमाश पर टिकी है। उसके पकड़े जाने के बाद हत्याकांड की पूरी पटकथा से पर्दा उठने की उम्मीद है।



