कांवड़ यात्रा में आस्था का सैलाब, हरिद्वार से अब तक 3.19 करोड़ शिवभक्त गंगा जल लेकर रवाना,, दसवें दिन 55.40 लाख कांवड़ियों ने उठाया पवित्र गंगाजल, हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंज रही धर्मनगरी

कांवड़ यात्रा में आस्था का सैलाब, हरिद्वार से अब तक 3.19 करोड़ शिवभक्त गंगा जल लेकर रवाना,,
दसवें दिन 55.40 लाख कांवड़ियों ने उठाया पवित्र गंगाजल, हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंज रही धर्मनगरी
हरिद्वार, 08 अगस्त 2026। धर्मनगरी हरिद्वार में कांवड़ यात्रा अपने चरम पर पहुंच चुकी है। देशभर से उमड़े शिवभक्तों के सैलाब के बीच हरिद्वार के गंगा घाटों से लेकर कांवड़ मार्गों तक चारों तरफ आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है। शनिवार को कांवड़ मेले के दसवें दिन भी लाखों की संख्या में शिवभक्तों ने पवित्र गंगाजल उठाया और अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए।
पुलिस कंट्रोल रूम से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार 08 अगस्त को शाम 6 बजे तक 55 लाख 40 हजार शिवभक्त हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य के लिए प्रस्थान कर चुके हैं। वहीं, कांवड़ मेला शुरू होने से लेकर शनिवार शाम 6 बजे तक कुल 3 करोड़ 19 लाख 48 हजार शिवभक्त पवित्र गंगाजल लेकर विभिन्न राज्यों की ओर रवाना हो चुके हैं।
कांवड़ियों की लगातार बढ़ती संख्या के चलते हरिद्वार में चारों तरफ शिवभक्ति का माहौल बना हुआ है। हरकी पैड़ी सहित प्रमुख गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ दिखाई दे रही है। कांवड़िए गंगाजल लेकर अपने निर्धारित मार्गों से आगे बढ़ रहे हैं। रास्ते में जगह-जगह ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे वातावरण को भक्तिमय बना रहे हैं।
भीड़ के बीच प्रशासन और पुलिस मुस्तैद
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। मेला कंट्रोल रूम और पुलिस कंट्रोल रूम से लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है। प्रमुख स्नान घाटों, कांवड़ मार्गों, संवेदनशील स्थानों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी की जा रही है।कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुचारु बनाए रखने के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी लगातार अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। पुलिस के साथ यातायात, स्वास्थ्य, स्वच्छता और अन्य विभागों की टीमें भी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने में जुटी हैं।
अंतिम चरण में और बढ़ सकती है भीड़
कांवड़ यात्रा के अंतिम चरण में प्रवेश करने के साथ हरिद्वार में शिवभक्तों की संख्या और बढ़ने की संभावना बनी हुई है। ऐसे में प्रशासन के सामने भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को बनाए रखना महत्वपूर्ण चुनौती है। प्रशासन द्वारा लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी की जा रही है, ताकि देश के अलग-अलग हिस्सों से आए शिवभक्त सुरक्षित रूप से अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।
जिला प्रशासन ने सभी शिवभक्तों से अपील की है कि वे निर्धारित कांवड़ मार्गों का पालन करें और पुलिस-प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। साथ ही गंगा घाटों और कांवड़ मार्गों पर स्वच्छता बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है।
3 करोड़ 19 लाख 48 हजार शिवभक्तों के गंगाजल लेकर रवाना होने का आंकड़ा कांवड़ यात्रा की विशालता को दर्शाता है। हरिद्वार इस समय आस्था के उस विराट संगम का साक्षी बना हुआ है, जहां देश के कोने-कोने से आए शिवभक्त एक ही संकल्प के साथ अपने आराध्य भगवान शिव को गंगाजल अर्पित करने के लिए आगे बढ़ रहे हैं।



