हरकी पैड़ी पर हजारों दीपों से जगमगाया हरिद्वार, मां गंगा की पूजा के साथ ‘सेवा संकल्प अभियान’ का भव्य शुभारंभ,, प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने ब्रह्मकुंड हरकी पैड़ी पर की मां गंगा की आराधना, राष्ट्र कल्याण और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घायु की कामना; 18 अक्टूबर तक चलेगा सेवा, स्वच्छता, स्वास्थ्य और जनजागरूकता का अभियान

हरकी पैड़ी पर हजारों दीपों से जगमगाया हरिद्वार, मां गंगा की पूजा के साथ ‘सेवा संकल्प अभियान’ का भव्य शुभारंभ,,
प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने ब्रह्मकुंड हरकी पैड़ी पर की मां गंगा की आराधना, राष्ट्र कल्याण और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घायु की कामना; 18 अक्टूबर तक चलेगा सेवा, स्वच्छता, स्वास्थ्य और जनजागरूकता का अभियान
हरिद्वार, 17 सितंबर 2026
तीर्थनगरी हरिद्वार में गुरुवार की शाम आस्था, सेवा और जनभागीदारी का अनूठा संगम देखने को मिला। ब्रह्मकुंड हरकी पैड़ी पर मां गंगा की विधिवत पूजा-अर्चना और दीप प्रज्ज्वलन के साथ ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम तथा ‘सेवा संकल्प अभियान’ का भव्य शुभारंभ किया गया। उत्तराखंड सरकार के प्रभारी मंत्री एवं पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने मां गंगा की आराधना कर अभियान का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर हरकी पैड़ी के ब्रह्मकुंड के साथ मालवीय घाट, नमामि गंगे घाट सहित विभिन्न गंगा घाटों पर दीप प्रज्ज्वलित किए गए। हजारों दीपों की रोशनी से गंगा घाटों का वातावरण आध्यात्मिक और भव्य नजर आया। कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों तथा देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
मां गंगा से राष्ट्र कल्याण की कामना
प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने मां गंगा की पूजा-अर्चना करते हुए देश की सुख-समृद्धि, जनकल्याण और राष्ट्र की उन्नति की कामना की। उन्होंने कहा कि भगवान बद्रीनाथ और केदारनाथ से प्रार्थना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भविष्य यशस्वी हो और वे निरंतर देश की सेवा करते रहें।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लंबे सार्वजनिक जीवन और देशसेवा से प्रेरणा लेते हुए आमजन की सेवा और जनभागीदारी को केंद्र में रखकर यह अभियान शुरू किया जा रहा है। ‘आशीर्वाद का दिया’ से शुरू हुआ यह कार्यक्रम 18 अक्टूबर तक विभिन्न सेवा गतिविधियों के माध्यम से आगे बढ़ेगा।
सतपाल महाराज ने कहा कि हरिद्वार केवल एक धार्मिक नगरी ही नहीं, बल्कि देश की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक चेतना का महत्वपूर्ण केंद्र है। जनभागीदारी के माध्यम से हरिद्वार की इस विरासत को और अधिक मजबूत किया जा सकता है। सेवा और राष्ट्रहित के कार्यों में समाज की भागीदारी अभियान को व्यापक स्वरूप देगी।
17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक चलेगा अभियान
मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में शुरू हुए सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य सेवा, सुशासन, स्वच्छता, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, जनजागरूकता और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देना है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि अभियान के दौरान जनपद के विभिन्न विकासखंडों, ग्राम पंचायतों, शैक्षणिक संस्थानों और प्रमुख स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान में सरकारी विभागों के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
‘मेरा सपनों का भारत’ पर होंगी प्रतियोगिताएं
अभियान के तहत 17 सितंबर से 8 अक्टूबर तक विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में ‘मेरा सपनों का भारत’ विषय पर निबंध, चित्रकला, भाषण और पोस्टर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। विद्यार्थियों को विकसित भारत-2047 के संकल्प से जोड़ने के साथ उन्हें देश के विकास में अपनी भूमिका के प्रति जागरूक किया जाएगा।
इसके साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकसित भारत-2047 की परिकल्पना पर आधारित चित्र प्रदर्शनियां भी आयोजित की जाएंगी। इन प्रदर्शनियों के माध्यम से आमजन को विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से होगा जागरूकता का संदेश
सेवा संकल्प अभियान के तहत शैक्षणिक संस्थानों और ग्राम पंचायतों में नुक्कड़ नाटक तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से सरकारी योजनाओं, सामाजिक सरोकारों और जनसेवा से जुड़े विषयों को सरल एवं प्रभावी तरीके से लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम के अंतर्गत आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं द्वारा अभिभावकों को पोषण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण और बाल विकास से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी जाएगी। इसका उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य और पोषण संबंधी जागरूकता को मजबूत करना है।
‘सेवा की कहानी’ बताएगी बदलाव की तस्वीर
अभियान के दौरान ‘सेवा की कहानी’ कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। इसमें विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित नागरिकों की प्रेरक कहानियों को आमजन के सामने प्रस्तुत किया जाएगा। भाषण, चित्रकला और एनीमेटेड वीडियो के माध्यम से यह बताया जाएगा कि सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने से लोगों के जीवन में किस प्रकार सकारात्मक परिवर्तन आया।
इसके अलावा अभियान के दौरान ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ निकाली जाएगी। विकसित भारत-2047 के संकल्प का प्रतीक कलश प्रमुख स्थानों पर स्थापित किया जाएगा, जिससे लोगों को राष्ट्र निर्माण के संकल्प से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
‘सेवा मेरा योगदान’ से जुड़ेंगे आम नागरिक
अभियान का एक महत्वपूर्ण हिस्सा ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम होगा। इसके माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, शिक्षण, रक्तदान और अन्य समाजोपयोगी गतिविधियों में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
अभियान के शुभारंभ अवसर पर हरिद्वार के विभिन्न गंगा घाटों पर दीप प्रज्ज्वलन ने कार्यक्रम को विशेष आध्यात्मिक स्वरूप प्रदान किया। श्रद्धालुओं ने मां गंगा के समक्ष दीप अर्पित कर राष्ट्र की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।
जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों की रही सहभागिता
कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री अमृता रावत, अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष मुकेश कुमार, भाजपा राष्ट्रीय मीडिया पैनलिस्ट सतीश लखेड़ा, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, मेयर किरण जैसल, कार्यक्रम संयोजक एवं राज्य मंत्री सुनील सैनी, राज्यमंत्री नितिन गौतम, पूर्व मेयर मनोज गर्ग, प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेंद्र बिष्ट, कोषाध्यक्ष अरविंद कुशवाहा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रीति गुप्ता, महामंत्री संजीव चौधरी, हीरा सिंह बिष्ट, संदीप शर्मा, लव शर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी मौजूद रहे।
प्रशासन की ओर से नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी, उपजिलाधिकारी योगेश मेहरा, सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी, आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह सहित विभिन्न अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में श्रीगंगा सभा, शांतिकुंज, आदर्श युवा समिति, दिव्य प्रेम सेवा मिशन, श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम सहित अनेक सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की।
हरकी पैड़ी से शुरू हुआ यह अभियान अब जनपद के गांवों, कस्बों, विद्यालयों और विभिन्न सामाजिक संस्थानों तक पहुंचेगा। प्रशासन की ओर से इसे व्यापक जनभागीदारी से जोड़ने की तैयारी है, ताकि सेवा, स्वच्छता, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण से जुड़े संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जा सके। इस प्रकार मां गंगा की आराधना और हजारों दीपों की रोशनी के बीच हरिद्वार से शुरू हुआ ‘सेवा संकल्प अभियान’ अगले एक माह तक जनसेवा और जनभागीदारी के विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से आगे बढ़ेगा।



