आज से हरिद्वार में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आगाज, 18 अक्टूबर तक चलेगा जनभागीदारी का महा-अभियान,, ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने की तैयारी, सेवा, सुशासन, स्वच्छता, स्वास्थ्य और जागरूकता से जुड़े होंगे कार्यक्रम

आज से हरिद्वार में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आगाज, 18 अक्टूबर तक चलेगा जनभागीदारी का महा-अभियान,,
‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने की तैयारी, सेवा, सुशासन, स्वच्छता, स्वास्थ्य और जागरूकता से जुड़े होंगे कार्यक्रम

हरिद्वार, 17 सितंबर 2026। जनपद हरिद्वार में आज से ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आगाज होने जा रहा है। मुख्य सचिव, उत्तराखंड शासन के निर्देशों के क्रम में यह अभियान 17 सितंबर से 18 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। अभियान का उद्देश्य विकसित भारत-2047 के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के साथ सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जनसहभागिता के माध्यम से सेवा एवं सुशासन की भावना को मजबूत करना है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अभियान के सफल संचालन के लिए मुख्य विकास अधिकारी, हरिद्वार को जनपद स्तरीय नोडल अधिकारी नामित किया है। डीएम ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित कार्यक्रमों का प्रभावी और सुव्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। अभियान में सूचना एवं लोक संपर्क, पर्यटन, धर्मस्व, पंचायती राज, शिक्षा, उच्च शिक्षा, ग्राम्य विकास, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, नगर निकाय सहित कई विभाग सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
‘आशीर्वाद का दीया’ से शुरुआत, स्कूल-कॉलेजों में होंगे रचनात्मक कार्यक्रम
अभियान के पहले दिन ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत अमृत सरोवरों, जन औषधि केंद्रों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर दीप प्रज्वलन किया जाएगा। वहीं 17 सितंबर से 8 अक्टूबर तक विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में ‘मेरा सपनों का भारत’ विषय पर निबंध, चित्रकला, भाषण और पोस्टर प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। विकसित भारत-2047 तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं पर आधारित चित्र प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी।
ग्राम पंचायतों और शैक्षणिक संस्थानों में नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए सरकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी। ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम के माध्यम से आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ता पोषण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण और बाल विकास से जुड़ी जानकारी देंगे।
सेवा ज्योति कलश यात्रा से लेकर स्वास्थ्य शिविर तक, हर वर्ग की भागीदारी पर जोर
अभियान के दौरान ‘सेवा की कहानी’ के माध्यम से सरकारी योजनाओं से लाभान्वित नागरिकों की प्रेरक कहानियां साझा की जाएंगी। इसके अलावा ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ निकाली जाएगी और विकसित भारत-2047 के संकल्प का प्रतीक कलश प्रमुख स्थानों पर स्थापित किया जाएगा।
‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत स्वच्छता, वृक्षारोपण, शिक्षण, रक्तदान और अन्य समाजोपयोगी गतिविधियों में नागरिकों की भागीदारी बढ़ाई जाएगी। ‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत तहसील और विकासखंड स्तर पर स्वास्थ्य, बहुउद्देशीय तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित लाभार्थी शिविर लगाए जाएंगे।
वहीं ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम में रंगोली के जरिए विकसित भारत-2047, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याणकारी योजनाओं के संदेश दिए जाएंगे। 2 अक्टूबर गांधी जयंती पर स्वदेशी और खादी अपनाने का संकल्प तथा ‘वोकल फॉर लोकल’ के तहत स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए कार्यक्रम होंगे। फिट इंडिया के तहत खेल, योग और दौड़ जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।
डीएम मयूर दीक्षित ने सभी नोडल अधिकारियों को कार्यक्रमों की प्रतिदिन रिपोर्ट, फोटो और वीडियो जिला प्रशासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जनपदवासियों से अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करते हुए विकसित भारत-2047 के संकल्प में सक्रिय योगदान देने की अपील की है।



