भक्तनपुर आबिदपुर ग्राम पंचायत की उपप्रधान सरस्वती देवी के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित, पद से हटाई गईं,, 15 में से 14 सदस्यों ने बैठक में लिया हिस्सा, सभी ने अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में किया मतदान

भक्तनपुर आबिदपुर ग्राम पंचायत की उपप्रधान सरस्वती देवी के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित, पद से हटाई गईं,,
15 में से 14 सदस्यों ने बैठक में लिया हिस्सा, सभी ने अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में किया मतदान
हरिद्वार। ग्राम पंचायत भक्तनपुर आबिदपुर की उपप्रधान श्रीमती सरस्वती देवी के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव मंगलवार को आयोजित विशेष बैठक में सर्वसम्मति से पारित हो गया। जिला पंचायत राज अधिकारी हरिद्वार के निर्देश पर यह बैठक ग्राम पंचायत सदस्यों मंजू पत्नी पीकम, खुर्शीदा पत्नी इकबाल, रवि पुत्र धरमपाल सहित अन्य सदस्यों की शिकायत के आधार पर बुलाई गई थी।विशेष बैठक में ग्राम पंचायत के कुल 15 सदस्यों में से 14 सदस्य उपस्थित रहे। उपप्रधान श्रीमती सरस्वती देवी बैठक में शामिल नहीं हुईं। बैठक की अध्यक्षता पीठासीन अधिकारी एवं सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) भगवानपुर कमल सिंह राणा ने की।
अविश्वास प्रस्ताव पर विस्तृत चर्चा के बाद गुप्त मतदान कराया गया। मतदान में पड़े सभी 14 मत उपप्रधान के विरुद्ध रहे। पूर्ण बहुमत से अविश्वास प्रस्ताव पारित होने के बाद पीठासीन अधिकारी ने श्रीमती सरस्वती देवी को तत्काल प्रभाव से उपप्रधान पद से पदच्युत किए जाने की घोषणा कर दी। बैठक के दौरान सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) बहादराबाद विजेन्द्र सिंह सैनी, श्रीमती इन्दुबाला, मनोज वाल, हिमांशु शर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। पंचायत राज विभाग अब नियमानुसार आगे की कार्रवाई करेगा।



