Daily Live Uttarakhand updateअलर्टइन्वेस्टिगेशनउत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरें

कुंभ 2027 पर पुलिस का ‘ऑपरेशन प्लान’ तैयार! रोशनाबाद में ADG अंशुमान ने खोली तैयारियों की फाइल,, हरिद्वार में हाईअलर्ट समीक्षा बैठक,,  हर स्नान पर्व पर अलग रणनीति, हर मोर्चे पर सुरक्षा बल तैनाती का ब्लूप्रिंट; CCTV-ड्रोन से लेकर अस्थायी थानों तक लिया पूरा अपडेट

कुंभ 2027 पर पुलिस का ‘ऑपरेशन प्लान’ तैयार! रोशनाबाद में ADG अंशुमान ने खोली तैयारियों की फाइल,, हरिद्वार में हाईअलर्ट समीक्षा बैठक,, 

हर स्नान पर्व पर अलग रणनीति, हर मोर्चे पर सुरक्षा बल तैनाती का ब्लूप्रिंट; CCTV-ड्रोन से लेकर अस्थायी थानों तक लिया पूरा अपडेट

इन्तजार रजा हरिद्वार- कुंभ मेला 2027 को लेकर पुलिस ने अब तैयारियों को रफ्तार देने के साथ रणनीति भी तेज कर दी है। शुक्रवार को रोशनाबाद स्थित पुलिस कार्यालय में अपर पुलिस महानिदेशक प्रशासन ए.पी. अंशुमान की अध्यक्षता में हुई हाईलेवल बैठक में कुंभ की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े कई अहम बिंदुओं पर मंथन हुआ।

बैठक में आईजी कुंभ डॉ. योगेंद्र सिंह रावत, एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह, एसएसपी कुंभ आयुष अग्रवाल समेत पुलिस और अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

निर्माण की रफ्तार पर सीधी नजर

बैठक में सबसे पहले कुंभ से जुड़े निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति का ब्यौरा लिया गया। एसएसपी कुंभ आयुष अग्रवाल ने अब तक की तैयारियों और आगे की कार्ययोजना का प्रस्तुतीकरण किया।ADG अंशुमान ने पुलिस विभाग से संबंधित बड़े और छोटे निर्माण कार्यों तथा अनुरक्षण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और निर्देश दिया कि सभी काम निर्धारित समयसीमा में पूरे हों। साथ ही निर्माण में गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।

मेला नियंत्रण भवन से पुलिस लाइन तक पूरा नेटवर्क

निर्माणाधीन मेला नियंत्रण भवन और उसमें लगाए जाने वाले उपकरणों की प्रगति की समीक्षा की गई। कुंभ के दौरान स्थापित होने वाली पुलिस लाइन, यातायात पुलिस लाइन और जीआरपी लाइन की तैयारियों पर भी अधिकारियों से जानकारी ली गई।इसके अलावा अस्थायी थाने और चौकियों, कुंभ कोर क्षेत्र में प्रस्तावित होल्डिंग और पार्किंग स्थलों तथा भूमि अधिग्रहण की स्थिति भी समीक्षा के दायरे में रही।

 

एडीजी प्रशासन ए.पी. अंशुमान ने कहा कि कुंभ मेला-2027 को लेकर पुलिस पूरी तरह हाईअलर्ट मोड में तैयारियां कर रही है। प्रत्येक स्नान पर्व को महत्वपूर्ण मानते हुए अलग और स्पष्ट सुरक्षा प्लान तैयार किया जाएगा। श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ के अनुसार पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित होगी। CCTV और ड्रोन से लगातार निगरानी रखी जाएगी। अस्थायी थाने, चौकियां, पुलिस लाइन, पार्किंग और यातायात व्यवस्था समय से तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। अग्निशमन और आपातकालीन व्यवस्थाओं को भी मजबूत किया जाएगा। सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे हों। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

एक स्नान पर्व नहीं, हर स्नान पर्व पर अलग प्लान

कुंभ की सुरक्षा रणनीति का सबसे अहम हिस्सा स्नान पर्वों को लेकर सामने आया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि प्रत्येक स्नान पर्व को महत्वपूर्ण मानते हुए पहले से स्पष्ट प्लान तैयार किया जाए।भीड़ की संभावित स्थिति के अनुसार पुलिस बल की तैनाती तय करने और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त फोर्स उपलब्ध कराने की रणनीति पर जोर दिया गया।

आग और भीड़ से निपटने के ‘इमरजेंसी प्लान’ पर भी खाका तैयार 

बैठक में अग्नि सुरक्षा की आपात योजना की भी समीक्षा हुई। अग्निशमन और भीड़ नियंत्रण से जुड़े उपकरणों की उपलब्धता, अतिरिक्त जरूरत और उपकरण खरीदने की प्रक्रिया का जायजा लिया गया।अधिकारियों से यह भी जानकारी ली गई कि किसी आपात स्थिति में पुलिस और संबंधित टीमें कितनी तेजी से मोर्चा संभाल सकती हैं।

CCTV-ड्रोन से होगी कुंभ क्षेत्र की निगरानी

कुंभ क्षेत्र में CCTV कैमरों और ड्रोन की तैनाती को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। कैमरे लगाए जाने वाले स्थानों और उपलब्ध ड्रोन की स्थिति की समीक्षा की गई।साथ ही पुलिस वाहनों की उपलब्धता और अतिरिक्त वाहनों की आवश्यकता का भी आकलन किया गया।

फोर्स कितनी चाहिए? बजट कितना लगेगा? पूरा हिसाब

कुंभ में तैनात होने वाले पुलिसकर्मियों की उपलब्धता और अतिरिक्त आवश्यकता पर भी मंथन हुआ। बैठक में अब तक जारी बजट और भविष्य में आवश्यक अतिरिक्त बजट की स्थिति की समीक्षा की गई।अधिकारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

अब कागज नहीं, जमीन पर दिखेगी पुलिस की तैयारी

बैठक ने साफ कर दिया कि कुंभ 2027 की पुलिस तैयारियां अब अगले चरण में प्रवेश कर रही हैं। निर्माण कार्यों की समयसीमा से लेकर स्नान पर्वों की रणनीति, अस्थायी थानों से लेकर पार्किंग, CCTV, ड्रोन, अग्नि सुरक्षा और पुलिस बल की तैनाती तक—हर मोर्चे की समीक्षा शुरू हो चुकी है।

कुंभ अभी दूर है, लेकिन पुलिस की तैयारी का काउंटडाउन शुरू हो गया है। रोशनाबाद की इस बैठक से एक बात साफ है—स्नान पर्व आते ही प्लान बनाने की बजाय, उससे पहले पूरा ब्लूप्रिंट जमीन पर तैयार रखने की रणनीति बनाई जा रही है।

Related Articles

Back to top button