उत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरें

उत्तराखंड में अपना घर बसाना चाहते हैं ऋषभ पंत, CM धामी से मांगी जमीन खरीदने में मदद,, ऋषभ पंत ने सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री से लगाई गुहार, बोले—“अपने ही राज्य में अपना पहला घर बनाना चाहता हूं,, सीएम धामी ने दिया भरोसा—संबंधित अधिकारियों को दिए निर्देश, नियमों के तहत हरसंभव सहयोग का आश्वासन

उत्तराखंड में अपना घर बसाना चाहते हैं ऋषभ पंत, CM धामी से मांगी जमीन खरीदने में मदद,,

ऋषभ पंत ने सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री से लगाई गुहार, बोले—“अपने ही राज्य में अपना पहला घर बनाना चाहता हूं,,

सीएम धामी ने दिया भरोसा—संबंधित अधिकारियों को दिए निर्देश, नियमों के तहत हरसंभव सहयोग का आश्वासन

देहरादून। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज और उत्तराखंड के लाल ऋषभ पंत अब अपने गृह राज्य में अपना आशियाना बनाने की तैयारी में हैं। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से जमीन खरीदने में मदद की गुहार लगाई है। ऋषभ पंत ने शुक्रवार रात सोशल मीडिया के माध्यम से मुख्यमंत्री से संपर्क करते हुए कहा कि वह दिल्ली से उत्तराखंड शिफ्ट होकर अपने पहाड़ी लोगों के बीच रहना चाहते हैं, लेकिन काफी समय से घर बनाने के लिए उपयुक्त जमीन नहीं मिल पा रही है।

ऋषभ पंत ने मुख्यमंत्री को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें उत्तराखंड आए काफी समय हो गया है और वह यहां शिफ्ट होना चाहते हैं। उन्होंने बताया कि पिछले करीब तीन वर्षों से वह रहने के लिए अच्छी और बड़ी जगह की तलाश कर रहे हैं, लेकिन अब तक जमीन नहीं मिल सकी है।

पंत ने यह भी कहा कि साफ-सुथरी और उपयुक्त जमीन मिलना मुश्किल हो गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस मामले में मदद करने का अनुरोध करते हुए कहा कि वह अपनी जन्मभूमि वापस आकर उत्तराखंड के विकास में योगदान देना चाहते हैं।

CM धामी ने कहा—उत्तराखंड के गौरव हैं ऋषभ पंत

ऋषभ पंत की अपील पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऋषभ पंत उत्तराखंड के गौरव हैं और उन्होंने अपने शानदार खेल व उपलब्धियों से देश-दुनिया में देवभूमि का नाम रोशन किया है।

मुख्यमंत्री ने भरोसा दिया कि पंत द्वारा उठाए गए विषय के संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जा रहा है और अधिकारी जल्द ही उनसे संपर्क कर नियमों के तहत हरसंभव सहयोग सुनिश्चित करेंगे।

पंत बोले—सरकार की तय दरों पर जमीन खरीदना चाहता हूं

मुख्यमंत्री के जवाब के बाद ऋषभ पंत ने दोबारा अपनी बात रखते हुए स्पष्ट किया कि वह सरकार की तय दरों के अनुसार जमीन खरीदना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने राज्य का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व की बात होगी और वह उत्तराखंड में अपना पहला घर बनाना चाहते हैं।

पंत ने मुख्यमंत्री से मदद की अपील करते हुए कहा कि उन्हें यह समझ नहीं आ रहा था कि इस प्रक्रिया को कैसे आगे बढ़ाया जाए, इसलिए उन्होंने सीधे मुख्यमंत्री से सहायता मांगी।

टैक्स भुगतान को लेकर भी चर्चा में रहे पंत

हाल ही में ऋषभ पंत उत्तराखंड के बड़े व्यक्तिगत करदाताओं में शामिल होने को लेकर भी चर्चा में रहे हैं। खबरों के अनुसार, उन्होंने पिछले वित्त वर्ष में करीब 23.84 करोड़ रुपये का टैक्स चुकाया है। अब अपने गृह राज्य में घर बनाने के लिए जमीन की तलाश और मुख्यमंत्री से मदद की अपील ने एक बार फिर उन्हें सुर्खियों में ला दिया है।

ऋषभ पंत की इस पहल को उनके उत्तराखंड से जुड़ाव और अपनी जन्मभूमि में वापस आकर रहने की इच्छा के तौर पर देखा जा रहा है।

Related Articles

Back to top button