अपराधअपराध गोष्ठीअलर्टइन्वेस्टिगेशनउत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरें

हरिद्वार पुलिस की अपराध समीक्षा बैठक में एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर का सख्त रुख: लापरवाही पर जवाबदेही तय, अपराधियों पर और तेज होगा शिकंजा,, थाना प्रभारियों के प्रदर्शन की हुई गहन समीक्षा, रिकवरी रेट बढ़ाने और नशा तस्करों, वाहन चोरों व हुड़दंगियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश,, कांवड़ यात्रा-2026 को लेकर हाई लेवल मंथन: फोर्स, बैरिकेडिंग, टेंट और सुरक्षा संसाधनों की तैयारियां समय पर पूरी करने का आदेश

इन्तजार रजा हरिद्वार… हरिद्वार पुलिस की अपराध समीक्षा बैठक में एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर का सख्त रुख: लापरवाही पर जवाबदेही तय, अपराधियों पर और तेज होगा शिकंजा,,

थाना प्रभारियों के प्रदर्शन की हुई गहन समीक्षा, रिकवरी रेट बढ़ाने और नशा तस्करों, वाहन चोरों व हुड़दंगियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश,,

कांवड़ यात्रा-2026 को लेकर हाई लेवल मंथन: फोर्स, बैरिकेडिंग, टेंट और सुरक्षा संसाधनों की तैयारियां समय पर पूरी करने का आदेश

हरिद्वार। आगामी कांवड़ यात्रा-2026 और जनपद में कानून व्यवस्था को लेकर हरिद्वार पुलिस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को पुलिस कार्यालय रोशनाबाद स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में माह जून की अपराध गोष्ठी आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने की। सैनिक सम्मेलन के बाद आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में जनपद के सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारी, क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी और शाखा प्रभारी शामिल हुए। बैठक में बीते माह के अपराधों की गहन समीक्षा के साथ आगामी कांवड़ यात्रा की तैयारियों का भी विस्तृत मूल्यांकन किया गया।

बैठक की शुरुआत अपराध समीक्षा से हुई, जहां एसएसपी ने जनपद में दर्ज विभिन्न अपराधों का शीर्षकवार विश्लेषण कराया। हत्या, चोरी, वाहन चोरी, नशा तस्करी, महिला अपराध, मारपीट और अन्य मामलों में थाना प्रभारियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए कई अधिकारियों से सीधे जवाब मांगे गए। जिन थानों का प्रदर्शन अपेक्षा के अनुरूप नहीं पाया गया, उन्हें स्पष्ट निर्देश दिए गए कि अपराध नियंत्रण और विवेचना की गुणवत्ता में तत्काल सुधार लाया जाए।

एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा कि अपराध दर्ज करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि समयबद्ध विवेचना, आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी भी पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को रिकवरी रेट बढ़ाने और लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि मादक पदार्थों की तस्करी, वाहन चोरी, हुड़दंग, अवैध गतिविधियों और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों के खिलाफ लगातार और परिणामकारी कार्रवाई जारी रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अपराधियों के मन में कानून का भय और आम जनता में पुलिस के प्रति विश्वास बना रहना चाहिए।

अपराध गोष्ठी में पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित ऑपरेशन प्रहार के तहत जनपद में की जा रही कार्रवाई की समीक्षा भी की गई। बेहतर प्रदर्शन करने वाली पुलिस टीमों की सराहना करते हुए एसएसपी ने अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए, ताकि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की गति लगातार बनी रहे।बैठक का दूसरा महत्वपूर्ण विषय आगामी कांवड़ यात्रा-2026 रहा। एसएसपी ने सभी अधिकारियों से तैयारियों का फीडबैक लिया और व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए सुझाव भी आमंत्रित किए। उन्होंने कहा कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस महापर्व को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना हरिद्वार पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

मेले के लिए खरीदी गई सामग्री की समीक्षा करते हुए प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन से टेंट, बैरिकेडिंग, वायरलेस उपकरण, प्रकाश व्यवस्था और अन्य सुरक्षा संसाधनों की उपलब्धता की जानकारी ली गई। एसएसपी ने निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं तय समय-सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं और किसी भी प्रकार की कमी न रहे।बैठक में अन्य जनपदों से आने वाली अतिरिक्त पुलिस फोर्स और केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती, ठहराव, भोजन, आवास और ड्यूटी प्लान पर भी विस्तार से चर्चा की गई। एसएसपी ने कहा कि सभी व्यवस्थाएं पहले से तैयार रखी जाएं ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।

बैठक को संबोधित करते हुए एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल हरिद्वार का आयोजन नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड की प्रतिष्ठा से जुड़ा धार्मिक महापर्व है। इसे सफल बनाने के लिए पुलिस के प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को पूरी जिम्मेदारी, अनुशासन और समन्वय के साथ कार्य करना होगा।

बैठक के अंत में एसएसपी ने दो टूक शब्दों में कहा कि अपराध नियंत्रण और कांवड़ यात्रा की तैयारियों में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि वे अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखें, अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करें और जनता के बीच सुरक्षा का विश्वास और मजबूत बनाएं। हरिद्वार पुलिस की यह अपराध गोष्ठी स्पष्ट संकेत देती है कि एक ओर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई और तेज होगी, वहीं दूसरी ओर कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतर चुका है।

Related Articles

Back to top button