हरिद्वार में सिडकुल पुलिस को बड़ी सफलता: धोखाधड़ी मामले में एक साल से फरार ₹5,000 का ईनामी आरोपी गिरफ्तार,, ठिकाने बदलकर पुलिस को दे रहा था चकमा, सिडकुल पुलिस ने मुरादाबाद से दबोचा

हरिद्वार में सिडकुल पुलिस को बड़ी सफलता: धोखाधड़ी मामले में एक साल से फरार ₹5,000 का ईनामी आरोपी गिरफ्तार,,
ठिकाने बदलकर पुलिस को दे रहा था चकमा, सिडकुल पुलिस ने मुरादाबाद से दबोचा
हरिद्वार। थाना सिडकुल पुलिस ने धोखाधड़ी के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे ₹5,000 के ईनामी आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी वर्ष 2025 से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था और लगातार अपने ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बचने की कोशिश कर रहा था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने उसे उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार थाना सिडकुल में दर्ज मु0अ0सं0 389/25 के तहत धारा 318(2) बीएनएस में वांछित आरोपी विकास कुमार लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी नहीं होने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने उस पर ₹5,000 का इनाम घोषित किया था। इसके बाद पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी और आरोपी की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थी।
लगातार प्रयासों के दौरान पुलिस ने माननीय न्यायालय से आरोपी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) प्राप्त किया। इसके बाद थाना सिडकुल पुलिस ने सटीक सूचना के आधार पर एएमसी लकड़ी फैक्ट्री, मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी को आज माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विकास कुमार पुत्र रामनिवास यादव (32 वर्ष) निवासी हिमगिरी बसेड़ा कॉलोनी, हरथला सोनकपुर, थाना सिविल लाइन, मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। इस कार्रवाई को सफल बनाने में उपनिरीक्षक इंद्रजीत सिंह राणा और हेड कांस्टेबल जितेंद्र मलिक की महत्वपूर्ण भूमिका रही। हरिद्वार पुलिस ने कहा कि फरार अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून से बचने की कोशिश करने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।



