मेडिकल स्टोर्स पर औचक छापेमारी, जिला कारागार का निरीक्षण और किशोर न्याय बोर्ड में विधिक सहायता हेल्पडेस्क का शुभारंभ,, डीएलएसए सचिव सिमरनजीत कौर ने अनियमितताओं पर दिए कार्रवाई के निर्देश, बंदियों की समस्याएं सुनीं और पात्र लोगों तक निःशुल्क विधिक सहायता पहुंचाने का दिया संदेश

मेडिकल स्टोर्स पर औचक छापेमारी, जिला कारागार का निरीक्षण और किशोर न्याय बोर्ड में विधिक सहायता हेल्पडेस्क का शुभारंभ,,
डीएलएसए सचिव सिमरनजीत कौर ने अनियमितताओं पर दिए कार्रवाई के निर्देश, बंदियों की समस्याएं सुनीं और पात्र लोगों तक निःशुल्क विधिक सहायता पहुंचाने का दिया संदेश
हरिद्वार, 05 अगस्त। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशों तथा जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) हरिद्वार के अध्यक्ष श्री नरेंद्र दत्त के आदेशानुसार बुधवार को जिले में विधिक जागरूकता और जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान ज्वालापुर क्षेत्र के मेडिकल स्टोर्स का औचक निरीक्षण, जिला कारागार का निरीक्षण तथा किशोर न्याय बोर्ड परिसर में विधिक सहायता हेल्पडेस्क का शुभारंभ किया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार की सचिव एवं सिविल जज (सीनियर डिवीजन) श्रीमती सिमरनजीत कौर ने स्वास्थ्य विभाग, औषधि निरीक्षक और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम के साथ ज्वालापुर के सुभाषनगर स्थित मेडिकल स्टोर्स एवं कन्फेक्शनरी दुकानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दवाइयों की गुणवत्ता, एक्सपायरी दवाओं की उपलब्धता, स्वच्छता व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक मानकों की गहन जांच की गई। जिन प्रतिष्ठानों में अनियमितताएं पाई गईं, उनके संबंध में औषधि निरीक्षक एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान संबंधित दुकानदारों को भी नियमों का पालन सुनिश्चित करने और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से किसी प्रकार का समझौता न करने की हिदायत दी गई।
इसके बाद सचिव सिमरनजीत कौर ने जिला कारागार हरिद्वार का निरीक्षण किया। उन्होंने बंदियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें आवश्यक विधिक परामर्श प्रदान किया। निरीक्षण के दौरान जेल की बैरकों में साफ-सफाई की व्यवस्था, पाकशाला में तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी जायजा लिया गया। उन्होंने जेल में कार्यरत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकार मित्रों (पीएलवी) को बंदियों की विधिक सहायता से जुड़े मामलों में प्रभावी पत्राचार एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी पात्र बंदी को न्यायिक सहायता प्राप्त करने में कठिनाई न हो।
इसी क्रम में किशोर न्याय बोर्ड, हरिद्वार परिसर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से स्थापित विधिक सहायता हेल्पडेस्क का विधिवत उद्घाटन किया गया। सचिव श्रीमती सिमरनजीत कौर और किशोर न्याय बोर्ड की प्रधान मजिस्ट्रेट श्रीमती कंचन चौधरी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर हेल्पडेस्क का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर सचिव सिमरनजीत कौर ने कहा कि हेल्पडेस्क की स्थापना का उद्देश्य किशोर न्याय बोर्ड में आने वाले पात्र व्यक्तियों और आमजन को आसानी से निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि इसके लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से पैनल अधिवक्ताओं और पीएलवी/अधिकार मित्रों की नियमित ड्यूटी लगाई गई है, ताकि जरूरतमंद लोगों को समय पर कानूनी परामर्श और सहायता मिल सके। इस संयुक्त अभियान के माध्यम से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने एक ओर जहां जनस्वास्थ्य से जुड़े मानकों के पालन पर जोर दिया, वहीं दूसरी ओर न्याय तक आसान पहुंच और जरूरतमंदों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने की अपनी प्रतिबद्धता को भी प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया।



