हरिद्वार में पुलिस पर फायरिंग पड़ गई भारी! बुग्गावाला में जवाबी कार्रवाई के दौरान गोली लगने से दबोचा गया शातिर, साथी की तलाश में रातभर जंगलों में चली कांबिंग,, अमानतगढ़ फायरिंग कांड का आरोपी निकला घायल बदमाश; अवैध तमंचा, कारतूस और पीड़ित का मोबाइल बरामद, पुलिस ने अपराधियों को दी खुली चेतावनी,,

हरिद्वार में पुलिस पर फायरिंग पड़ गई भारी! बुग्गावाला में जवाबी कार्रवाई के दौरान गोली लगने से दबोचा गया शातिर, साथी की तलाश में रातभर जंगलों में चली कांबिंग,,
अमानतगढ़ फायरिंग कांड का आरोपी निकला घायल बदमाश; अवैध तमंचा, कारतूस और पीड़ित का मोबाइल बरामद, पुलिस ने अपराधियों को दी खुली चेतावनी,,
इन्तजार रजा हरिद्वार… हरिद्वार पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई ने देर रात एक बड़े आपराधिक घटनाक्रम को अंजाम तक पहुंचाया। बुग्गावाला थाना क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग करने वाले दो बदमाशों में से एक को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका साथी फरार हो गया।
पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।देर रात यूपी बॉर्डर के समीप बंजारावाला मार्ग पर पुलिस टीम नियमित गश्त और चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया तो दोनों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करते हुए तमंचे से फायर कर दिया।
पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए और तत्काल जवाबी कार्रवाई करते हुए बदमाशों की घेराबंदी शुरू कर दी। हुई मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम लुकमान पुत्र गुफरान निवासी गोकुलवाला बताया। उसके कब्जे से एक 315 बोर का अवैध तमंचा, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस और अमानतगढ़ फैक्ट्री फायरिंग प्रकरण से संबंधित पीड़ित का मोबाइल फोन बरामद हुआ है।
जांच में यह भी सामने आया है कि घायल बदमाश का नाम पहले से पुलिस की निगरानी सूची में था और वह हाल ही में हुई फायरिंग की घटना में भी वांछित चल रहा था। बरामद मोबाइल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस अब पूरे गिरोह की गतिविधियों की जांच कर रही है। फरार आरोपी की पहचान गुलजार निवासी खेड़ी शिकोहपुर, भगवानपुर के रूप में हुई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें गठित कर सीमावर्ती क्षेत्रों में सघन कांबिंग अभियान चलाया जा रहा है।
घायल आरोपी का उपचार सिविल अस्पताल रुड़की में चल रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी लगातार मामले की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा। इस कार्रवाई के बाद हरिद्वार पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले अपराधियों के खिलाफ सख्त और निर्णायक कार्रवाई जारी रहेगी।



