कलियर में गरजा यूपी सिंचाई विभाग का बुल्डोजर, लेकिन दरगाह की जमीन पर अवैध कब्जों पर क्यों खामोशी? यूपी सिंचाई विभाग ने कलियर- धनौरी रोड पर चलाया अतिक्रमण हटाओ अभियान, कई पक्के निर्माण ध्वस्त; लेकिन— दरगाह की करोड़ों की संपत्तियों पर अवैध कब्जों के खिलाफ कब होगी प्रभावी कार्रवाई? डीएम मयूर दीक्षित के निर्देशन में सरकारी भूमि बचाने में प्रशासन सख्त, लेकिन दरगाह क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे अवैध कब्जों पर कार्रवाई का इंतजार; स्थानीय लोगों ने उठाए दोहरे मापदंड के सवाल

कलियर में गरजा यूपी सिंचाई विभाग का बुल्डोजर, लेकिन दरगाह की जमीन पर अवैध कब्जों पर क्यों खामोशी?
यूपी सिंचाई विभाग ने कलियर- धनौरी रोड पर चलाया अतिक्रमण हटाओ अभियान, कई पक्के निर्माण ध्वस्त; लेकिन— दरगाह की करोड़ों की संपत्तियों पर अवैध कब्जों के खिलाफ कब होगी प्रभावी कार्रवाई?
डीएम मयूर दीक्षित के निर्देशन में सरकारी भूमि बचाने में प्रशासन सख्त, लेकिन दरगाह क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे अवैध कब्जों पर कार्रवाई का इंतजार; स्थानीय लोगों ने उठाए दोहरे मापदंड के सवाल
पिरान कलियर में एक बार फिर बुलडोजर गरजा और प्रशासन ने अवैध कब्जों के खिलाफ अपनी सख्ती का परिचय दिया। जिलाधिकारी हरिद्वार के निर्देश पर उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग और प्रशासन की संयुक्त टीम ने धनौरी रोड स्थित पीपल चौक और आसपास के क्षेत्रों में अभियान चलाकर विभागीय भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाया। कई पक्के और अस्थायी निर्माणों को ध्वस्त कर सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराया गया। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल भी तैनात रहा, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बनी रही।
उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के एसडीओ अनुज बंसल और तहसीलदार रुड़की के नेतृत्व में चले इस अभियान में विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा। जिन अतिक्रमणकारियों ने अभी तक कब्जा नहीं हटाया है, उन्हें अंतिम चेतावनी देते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटाने को कहा गया है। अन्यथा उनके खिलाफ भी बुलडोजर कार्रवाई और कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
अधिकारियों के अनुसार विभागीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। इस दौरान अवर अभियंता मुकर्रम अली, सुशील चंद, अजय शर्मा, अजीजुर्रहमान, सिंचपाल वैभव चौधरी, मनोज सहित विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे।
हालांकि प्रशासन की इस कार्रवाई के बीच क्षेत्र में एक बड़ा सवाल भी चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सिंचाई विभाग की भूमि पर तो बुलडोजर चल रहा है, लेकिन दरगाह पिरान कलियर क्षेत्र की बहुमूल्य संपत्तियों और भूमि पर वर्षों से चले आ रहे अवैध कब्जों पर अब तक प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं दिखाई दे रही है?
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि दरगाह से जुड़ी कई संपत्तियों पर लगातार अतिक्रमण की शिकायतें सामने आती रही हैं। कई बार अवैध दुकानों, अस्थायी निर्माणों और जमीनों पर कब्जे के मामले सार्वजनिक रूप से उठे, लेकिन स्थिति आज भी लगभग जस की तस बनी हुई है। यही वजह है कि प्रशासन की मौजूदा कार्रवाई के बीच लोग यह सवाल पूछ रहे हैं कि क्या कानून केवल कुछ जगहों पर ही लागू होता है या फिर दरगाह क्षेत्र की भूमि को भी अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए इसी तरह का सख्त अभियान चलाया जाएगा?
फिलहाल सिंचाई विभाग की भूमि पर हुई कार्रवाई ने यह स्पष्ट संदेश जरूर दिया है कि सरकारी जमीनों पर कब्जा करने वालों के खिलाफ प्रशासन अब सख्त रुख अपना रहा है। लेकिन लोगों की निगाहें अब इस बात पर टिकी हैं कि दरगाह क्षेत्र की विवादित और अतिक्रमणग्रस्त संपत्तियों पर कब और कैसी कार्रवाई होती है। यदि सरकारी संपत्ति बचाने का अभियान वास्तव में निष्पक्ष है, तो फिर दरगाह क्षेत्र की भूमि पर भी बुलडोजर की दस्तक सुनाई देनी चाहिए।



