सोमवती अमावस्या स्नान पर्व को लेकर हरिद्वार में हाई अलर्ट! DM मयूर दीक्षित और SSP नवनीत सिंह ने पुलिस फोर्स को किया ब्रीफ, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए बनाया अभेद्य सुरक्षा चक्र,, लाखों श्रद्धालुओं के संभावित आगमन को देखते हुए मेला क्षेत्र को 6 सुपर जोन, 16 जोन और 46 सेक्टरों में बांटा गया; जल पुलिस, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड, घुड़सवार पुलिस और सादे वस्त्रों में तैनात फोर्स को दिए गए विशेष निर्देश,, हरकी पैड़ी पर भीड़ 80 प्रतिशत से अधिक होने पर श्रद्धालुओं को अन्य घाटों की ओर किया जाएगा डायवर्ट; अफवाह फैलाने वालों, जेबकतरों और संदिग्ध गतिविधियों पर रहेगी कड़ी नजर, सुरक्षा व्यवस्था में 1400 से अधिक पुलिस एवं सुरक्षा कर्मी रहेंगे तैनात,,

सोमवती अमावस्या स्नान पर्व को लेकर हरिद्वार में हाई अलर्ट! DM मयूर दीक्षित और SSP नवनीत सिंह ने पुलिस फोर्स को किया ब्रीफ, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए बनाया अभेद्य सुरक्षा चक्र,,
लाखों श्रद्धालुओं के संभावित आगमन को देखते हुए मेला क्षेत्र को 6 सुपर जोन, 16 जोन और 46 सेक्टरों में बांटा गया; जल पुलिस, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड, घुड़सवार पुलिस और सादे वस्त्रों में तैनात फोर्स को दिए गए विशेष निर्देश,,
हरकी पैड़ी पर भीड़ 80 प्रतिशत से अधिक होने पर श्रद्धालुओं को अन्य घाटों की ओर किया जाएगा डायवर्ट; अफवाह फैलाने वालों, जेबकतरों और संदिग्ध गतिविधियों पर रहेगी कड़ी नजर, सुरक्षा व्यवस्था में 1400 से अधिक पुलिस एवं सुरक्षा कर्मी रहेंगे तैनात,,
हरिद्वार। सोमवती अमावस्या स्नान पर्व-2026 को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए हरिद्वार पुलिस और जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। शनिवार को ऋषिकुल आयुर्वेदिक कॉलेज सभागार में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने संयुक्त रूप से पर्व ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की विस्तृत ब्रीफिंग कर उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
हिन्दू धर्म में अत्यंत महत्वपूर्ण माने जाने वाले सोमवती अमावस्या स्नान पर्व पर हरकी पैड़ी सहित विभिन्न गंगा घाटों पर लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा, यातायात और कानून व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन ने पूरे मेला क्षेत्र को 06 सुपर जोन, 16 जोन और 46 सेक्टरों में विभाजित कर विशेष सुरक्षा प्रबंधन लागू किया है। पर्व की संपूर्ण व्यवस्था का प्रभारी अधिकारी एसपी सिटी को बनाया गया है।
ब्रीफिंग के दौरान जिलाधिकारी और एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी आपसी समन्वय बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की महत्वपूर्ण सूचना को तत्काल उच्चाधिकारियों तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि ड्यूटी के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
संदिग्ध गतिविधियों पर रहेगी पैनी नजर
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा कि रेलवे स्टेशन, हरकी पैड़ी, प्रमुख स्नान घाटों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लगातार एंटी-सबोटाज चेकिंग एवं फिस्किंग अभियान चलाया जाएगा। किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना मिलने पर तत्काल बम निरोधक दस्ता (BDS) और डॉग स्क्वॉड को सक्रिय किया जाएगा।
मेले के दौरान बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन अभियान के साथ-साथ जनपद में प्रवेश और निकास करने वाले वाहनों की भी सघन जांच की जाएगी ताकि कोई भी संदिग्ध गतिविधि समय रहते पकड़ी जा सके।
भीड़ बढ़ने पर लागू होगी विशेष डायवर्जन व्यवस्था
हरकी पैड़ी और प्रमुख घाटों पर श्रद्धालुओं की संख्या 80 प्रतिशत से अधिक होने पर भीड़ को वैकल्पिक घाटों की ओर डायवर्ट किया जाएगा। प्रत्येक पुल पर पुलिस बल को रस्सियां उपलब्ध कराई गई हैं ताकि अचानक भीड़ बढ़ने की स्थिति में तत्काल नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि रात दो बजे से ही घाटों पर सो रहे श्रद्धालुओं को जागृत कर घाट खाली कराए जाएं ताकि सुबह स्नान के दौरान भीड़ का दबाव कम किया जा सके और श्रद्धालु सुरक्षित तरीके से स्नान कर सकें।
जेबकतरों और उठाईगिरों पर रहेगी विशेष निगरानी
मेले में सक्रिय रहने वाले जेबकतरे, उठाईगिर और असामाजिक तत्व पुलिस के विशेष निशाने पर रहेंगे। इसके लिए सादे वस्त्रों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है जो लगातार हरकी पैड़ी, घाटों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में निगरानी रखेंगे।
इसके अलावा अभिसूचना इकाई (LIU) को संवेदनशील स्थानों पर तैनात कर लाभप्रद सूचनाएं जुटाने के निर्देश दिए गए हैं। अफवाह फैलाने वालों और माहौल खराब करने वाले तत्वों के खिलाफ भी तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा कि यदि अत्यधिक भीड़ की स्थिति उत्पन्न होती है तो मौके पर मौजूद प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी स्वयं को जिम्मेदार अधिकारी समझते हुए त्वरित एवं विवेकपूर्ण निर्णय लें। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम स्नान व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को शालीन व्यवहार रखने, जनता से सम्मानजनक संवाद करने तथा ड्यूटी के दौरान अनावश्यक मोबाइल फोन उपयोग से बचने के निर्देश भी दिए।
जल पुलिस, डॉग स्क्वॉड और पीएसी रहेगी तैनात
स्नान पर्व के दौरान गंगा घाटों पर डूबने और बहने जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए जल पुलिस की विशेष तैनाती की गई है। इसके अलावा बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड, घुड़सवार पुलिस, पीएसी और अन्य सुरक्षा एजेंसियां भी चौबीसों घंटे सक्रिय रहेंगी।
इतनी बड़ी फोर्स संभालेगी सोमवती अमावस्या पर्व
सोमवती अमावस्या स्नान पर्व की सुरक्षा व्यवस्था के लिए कुल मिलाकर 1400 से अधिक पुलिस एवं सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है। इनमें—
- 06 सहायक/अपर पुलिस अधीक्षक
- 13 पुलिस उपाधीक्षक
- 15 निरीक्षक/थानाध्यक्ष
- 72 उपनिरीक्षक
- 09 महिला उपनिरीक्षक
- 232 मुख्य आरक्षी एवं आरक्षी
- 50 महिला पुलिसकर्मी
- 02 यातायात निरीक्षक
- 11 यातायात उपनिरीक्षक
- 17 यातायात पुलिसकर्मी
- 14 अभिसूचना कर्मी
- 02 बीडीएस एवं डॉग स्क्वॉड टीमें
- 03 घुड़सवार पुलिस टीमें
- 15 जल पुलिस कर्मी
- 02 कंपनी एवं 02 प्लाटून पीएसी
- 188 प्रशिक्षु उपनिरीक्षक
- 40 रिक्रूट आरक्षी
- 230 पीएसी जवान
- 209 पुलिस लाइन रिक्रूट आरक्षी
- 200 होमगार्ड जवान
- 200 पीआरडी जवान
तैनात किए गए हैं।जिला प्रशासन और हरिद्वार पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी यातायात और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें, अफवाहों पर ध्यान न दें तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस की सहायता लें।



