कलियर में बिना आईडी नहीं मिलेगा कमरा! सीओ दिव्येश उपाध्याय ने होटल संचालकों को दी सख्त चेतावनी,, जायरिनों और यात्रियों की पूरी जानकारी रजिस्टर में दर्ज करने के निर्देश; नियमों की अनदेखी पर होगी कानूनी कार्रवाई,, बाहरी राज्यों से आए कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने का आह्वान,,

कलियर में बिना आईडी नहीं मिलेगा कमरा! सीओ दिव्येश उपाध्याय ने होटल संचालकों को दी सख्त चेतावनी,,
जायरिनों और यात्रियों की पूरी जानकारी रजिस्टर में दर्ज करने के निर्देश; नियमों की अनदेखी पर होगी कानूनी कार्रवाई,,
बाहरी राज्यों से आए कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने का आह्वान,,
पिरान कलियर। आगामी धार्मिक आयोजनों, बढ़ती जायरीन संख्या और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए कोतवाली पिरान कलियर पुलिस ने क्षेत्र के होटल एवं गेस्ट हाउस संचालकों के साथ महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की। गोष्ठी में प्रभारी कोतवाली एवं प्रशिक्षु क्षेत्राधिकारी दिव्येश उपाध्याय ने होटल मालिकों और संचालकों को सुरक्षा संबंधी नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।
सीओ दिव्येश उपाध्याय ने स्पष्ट कहा कि कलियर आने वाले प्रत्येक जायरीन और यात्री का पूरा विवरण होटल रजिस्टर में दर्ज किया जाना अनिवार्य है। होटल में ठहरने वाले सभी व्यक्तियों के आधार कार्ड अथवा अन्य वैध पहचान पत्र की स्पष्ट फोटो कॉपी सुरक्षित रखी जाए। बिना आईडी प्रूफ के किसी भी व्यक्ति को कमरा उपलब्ध नहीं कराया जाएगा।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी होटल या गेस्ट हाउस में बिना पहचान पत्र के किसी व्यक्ति को ठहराया जाता पाया गया तो संबंधित संचालक के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस द्वारा समय-समय पर निरीक्षण भी किया जाएगा।
गोष्ठी के दौरान होटल संचालकों को यह भी निर्देशित किया गया कि उनके प्रतिष्ठानों में कार्यरत बाहरी राज्यों एवं अन्य जनपदों से आए कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन तत्काल कराया जाए। सत्यापन के बिना किसी भी कर्मचारी को कार्य पर न रखा जाए।
सीओ दिव्येश उपाध्याय ने कहा कि पिरान कलियर एक अंतरराष्ट्रीय पहचान रखने वाला धार्मिक स्थल है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में जायरीन पहुंचते हैं। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में होटल संचालकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सभी होटल मालिकों से संदिग्ध व्यक्तियों, गतिविधियों अथवा किसी भी असामान्य परिस्थिति की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षा मानकों का पालन केवल कानूनी जिम्मेदारी ही नहीं बल्कि सामाजिक दायित्व भी है। गोष्ठी के अंत में होटल संचालकों ने पुलिस को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में अपनी भागीदारी निभाने की बात कही।



