वायरल वीडियो पर कलियर पुलिस का बड़ा एक्शन! चार मासूमों को बंधक बनाकर पीटने वाले आरोपी गिरफ्तार,, कोल्ड ड्रिंक चोरी के आरोप में नाबालिग बच्चों पर बरसाए गए लाठी-डंडे; सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही हरकत में आई पुलिस,, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर थाना पिरान कलियर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर किया गिरफ्तार,,

वायरल वीडियो पर कलियर पुलिस का बड़ा एक्शन! चार मासूमों को बंधक बनाकर पीटने वाले आरोपी गिरफ्तार,,
कोल्ड ड्रिंक चोरी के आरोप में नाबालिग बच्चों पर बरसाए गए लाठी-डंडे; सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही हरकत में आई पुलिस,,
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर थाना पिरान कलियर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर किया गिरफ्तार,,
हरिद्वार। कलियर थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव में चार नाबालिग बच्चों के साथ अमानवीय व्यवहार और मारपीट का मामला सामने आने के बाद हरिद्वार पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो ने पूरे क्षेत्र में चर्चा और आक्रोश पैदा कर दिया था।
जानकारी के अनुसार थाना पिरान कलियर पुलिस को व्हाट्सएप के माध्यम से एक वीडियो प्राप्त हुआ, जिसमें ग्राम दरियापुर में चार बच्चों के साथ मारपीट किए जाने की घटना दिखाई दे रही थी। वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। तस्दीक के दौरान सामने आया कि दरियापुर निवासी मेघराज और महावीर पुत्रगण रामप्रसाद ने कथित रूप से कोल्ड ड्रिंक चोरी के आरोप में चार नाबालिग बच्चों को बंधक बनाकर उनके साथ लाठी-डंडों से मारपीट की, गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस जांच में यह भी पाया गया कि बच्चों के साथ क्रूरता की गई और उन्हें गलत तरीके से रोककर प्रताड़ित किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पिरान कलियर में मु0अ0सं0 130/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं तथा जुवेनाइल जस्टिस एक्ट-2015 की धारा 75 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया।
हरिद्वार पुलिस के अनुसार आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि बच्चों के अधिकारों का हनन करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में प्रशिक्षु क्षेत्राधिकारी एवं प्रभारी निरीक्षक द्विव्येश उपाध्याय, उपनिरीक्षक शहजाद अली तथा हेड कांस्टेबल आनन्द सिंह शामिल रहे।
वायरल वीडियो पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कलियर पुलिस ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि कानून अपने हाथ में लेने वालों और बच्चों के साथ क्रूरता करने वालों के लिए जिले में कोई जगह नहीं है।



