उत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरें

मनसा देवी मंदिर में पारदर्शिता की नई पहल, पुजारियों के लिए लागू हुआ पॉकेटलेस ड्रेस कोड,, अब बिना जेब के कुर्ते में देंगे सेवा, श्रद्धालुओं के विश्वास को और मजबूत करने की दिशा में ट्रस्ट का बड़ा फैसला,, महंत रविंद्र पुरी बोले—मंदिर की गरिमा, आस्था और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता, हर व्यवस्था पर रहेगी पैनी निगरानी,,

मनसा देवी मंदिर में पारदर्शिता की नई पहल, पुजारियों के लिए लागू हुआ पॉकेटलेस ड्रेस कोड,,

अब बिना जेब के कुर्ते में देंगे सेवा, श्रद्धालुओं के विश्वास को और मजबूत करने की दिशा में ट्रस्ट का बड़ा फैसला,,

महंत रविंद्र पुरी बोले—मंदिर की गरिमा, आस्था और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता, हर व्यवस्था पर रहेगी पैनी निगरानी,,

इन्तजार रजा हरिद्वार विश्व प्रसिद्ध मां मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट ने मंदिर की व्यवस्थाओं में पारदर्शिता और श्रद्धालुओं के विश्वास को और अधिक मजबूत करने के लिए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत रविंद्र पुरी महाराज ने मंदिर के सभी पुजारियों के लिए पॉकेटलेस (बिना जेब) कुर्ता अनिवार्य कर दिया है। इस नई व्यवस्था के तहत अब मंदिर के पुजारी बिना जेब वाले कुर्ते पहनकर ही अपनी सेवाएं देंगे।

महंत रविंद्र पुरी महाराज ने कहा कि मां मनसा देवी मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। ऐसे में मंदिर की प्रत्येक व्यवस्था पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ संचालित हो, यह ट्रस्ट की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है, ताकि श्रद्धालुओं का विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो तथा मंदिर की गरिमा बनी रहे।

उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर में पहले से ही सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से चौबीसों घंटे निगरानी की व्यवस्था की गई है। मंदिर की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाती है, जिससे व्यवस्थाएं सुचारु, सुरक्षित और पारदर्शी बनी रहें। उन्होंने कहा कि मंदिर के सभी पुजारी पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ मां मनसा देवी की सेवा में लगे हुए हैं।महंत रविंद्र पुरी ने स्पष्ट किया कि पॉकेटलेस ड्रेस कोड किसी व्यक्ति विशेष पर अविश्वास का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह एक संस्थागत व्यवस्था है, जिसका उद्देश्य मंदिर की कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, अनुशासित और श्रद्धालु-केंद्रित बनाना है। ट्रस्ट चाहता है कि मंदिर आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु यह महसूस करे कि उसकी आस्था और विश्वास सर्वोपरि हैं तथा मंदिर की हर व्यवस्था उसी भावना के अनुरूप संचालित की जा रही है।

उन्होंने कहा कि मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट समय-समय पर ऐसी व्यवस्थाएं लागू करता रहेगा, जिनसे मंदिर प्रशासन और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी और आधुनिक बन सके। ट्रस्ट का उद्देश्य केवल धार्मिक परंपराओं का निर्वहन करना ही नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और विश्वासपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना भी है।

मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट की इस पहल को श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने सकारात्मक कदम बताया है। उनका मानना है कि इस निर्णय से मंदिर प्रशासन के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत होगा तथा धार्मिक संस्थानों में पारदर्शिता और सुशासन को बढ़ावा मिलेगा।

Related Articles

Back to top button