पतंजलि क्षेत्र में जलभराव से मिलेगी राहत: सुरक्षा एनक्लेव, अहमदपुर ग्रांट और सहदेवपुर के लिए बनेगा स्थायी समाधान,, एडीएम वैभव गुप्ता ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, पंपिंग स्टेशन और 700 मीटर नाला निर्माण की डीपीआर जल्द तैयार होगी

पतंजलि क्षेत्र में जलभराव से मिलेगी राहत: सुरक्षा एनक्लेव, अहमदपुर ग्रांट और सहदेवपुर के लिए बनेगा स्थायी समाधान,,
एडीएम वैभव गुप्ता ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, पंपिंग स्टेशन और 700 मीटर नाला निर्माण की डीपीआर जल्द तैयार होगी
हरिद्वार, 23 जुलाई। पतंजलि योगपीठ के निकट स्थित सुरक्षा एनक्लेव, अहमदपुर ग्रांट और सहदेवपुर क्षेत्र में हर वर्ष बरसात के दौरान होने वाली जलभराव की गंभीर समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में जिला प्रशासन ने बड़ी पहल की है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वैभव गुप्ता की अध्यक्षता में जिला आपदा प्रबंधन सभागार में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के स्पष्ट निर्देश दिए गए।
बैठक में इन क्षेत्रों में लगातार हो रहे जलभराव की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों से मौके की वास्तविक स्थिति की जानकारी लेने के बाद एडीएम वैभव गुप्ता ने स्पष्ट कहा कि अब समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि भविष्य में क्षेत्रवासियों को बारिश के दौरान परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में सबसे महत्वपूर्ण निर्णय सुरक्षा एनक्लेव क्षेत्र में पंपिंग स्टेशन के निर्माण को लेकर लिया गया। एडीएम ने सिंचाई विभाग, रुड़की को पंपिंग स्टेशन के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि डीपीआर तैयार होने के बाद हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) द्वारा पंपिंग स्टेशन का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही लगभग 700 मीटर लंबे नाले के निर्माण के लिए भी डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
अपर जिलाधिकारी ने यह भी निर्देशित किया कि जब तक स्थायी व्यवस्था पूरी नहीं हो जाती, तब तक क्षेत्र से जल निकासी के लिए आवश्यक पंपों की व्यवस्था पूर्व की भांति तहसील रुड़की द्वारा लगातार सुनिश्चित की जाए, जिससे बारिश के दौरान लोगों को राहत मिल सके।
बैठक में अहमदपुर ग्रांट और सहदेवपुर क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था पर भी विस्तार से चर्चा हुई। एडीएम ने तहसील रुड़की, तहसील हरिद्वार और सिंचाई विभाग को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने दोनों तहसीलदारों को जल निकासी में बाधा बन रहे अतिक्रमणों को नियमानुसार हटाने तथा जहां भूमि अधिग्रहण की आवश्यकता हो, वहां सिंचाई विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा सिंचाई विभाग को चैनलाइजेशन, पुलिया निर्माण, नालों की सफाई तथा जल निकासी से जुड़े अन्य आवश्यक कार्यों के लिए भी विस्तृत डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए गए। एडीएम वैभव गुप्ता ने कहा कि सभी विभाग समन्वय के साथ तेजी से कार्य करें, ताकि भविष्य में भारी वर्षा के दौरान जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान हो सके और स्थानीय लोगों को राहत मिल सके।
बैठक में जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, तहसीलदार विकास अवस्थी, एसडीओ यूपी सिंचाई विभाग भारत भूषण, सहायक अभियंता शिव कुमार, लोक निर्माण विभाग के अपर अभियंता प्रतीक अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



