कांवड़ यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब: चौथे दिन 31.50 लाख शिवभक्त गंगाजल लेकर हुए रवाना, हरिद्वार में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त,, अब तक 76.85 लाख कांवड़िए गंगाजल लेकर लौटे, मानकों पर खरे नहीं उतरे डीजे वाहन बहादराबाद से लौटाए गए, बीडीएस और अर्द्धसैनिक बल की सघन चेकिंग जारी

कांवड़ यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब: चौथे दिन 31.50 लाख शिवभक्त गंगाजल लेकर हुए रवाना, हरिद्वार में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त,,
अब तक 76.85 लाख कांवड़िए गंगाजल लेकर लौटे, मानकों पर खरे नहीं उतरे डीजे वाहन बहादराबाद से लौटाए गए, बीडीएस और अर्द्धसैनिक बल की सघन चेकिंग जारी
हरिद्वार | 02 अगस्त 2026
कांवड़ मेला-2026 में आस्था का सैलाब लगातार बढ़ता जा रहा है। मेले के चौथे दिन रविवार को हरिद्वार से 31 लाख 50 हजार शिवभक्त पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। इसके साथ ही कांवड़ यात्रा शुरू होने से अब तक 76 लाख 85 हजार शिवभक्त हरिद्वार से गंगाजल लेकर विभिन्न राज्यों के लिए प्रस्थान कर चुके हैं। यह जानकारी मेला कंट्रोल रूम में स्थापित पुलिस कंट्रोल रूम से प्राप्त आधिकारिक आंकड़ों के आधार पर दी गई।
हरिद्वार में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और निर्बाध बनाए रखने के लिए प्रमुख कांवड़ मार्गों, गंगा घाटों और संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य, स्वच्छता और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी चौबीसों घंटे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं।
इसी बीच हरिद्वार पुलिस ने सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर सख्त रुख अपनाया है। बहादराबाद क्षेत्र में निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए डीजे वाहनों को वापस लौटा दिया गया। पुलिस का कहना है कि कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और सभी डीजे संचालकों को निर्धारित नियमों का पालन करना होगा।
वहीं, कांवड़ मेला-2026 के दौरान शिवभक्तों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उत्तराखण्ड पुलिस के बम निरोधक दस्ता (BDS) और अर्द्धसैनिक बल द्वारा हरिद्वार के संवेदनशील क्षेत्रों, प्रमुख मार्गों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। संदिग्ध वस्तुओं और गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को पूरी तरह समाप्त किया जा सके।
जिला प्रशासन ने सभी शिवभक्तों से अपील की है कि वे निर्धारित कांवड़ मार्गों का ही उपयोग करें, प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित कांवड़ यात्रा के संचालन में सहयोग प्रदान करें। प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी मुस्तैदी के साथ संचालित की जा रही हैं।



