उर्स 2026 को लेकर कलियर में ट्रैफिक का ‘कड़ा पहरा’, 24 बैरियर और 13 पार्किंग स्थल तैयार,, 23 से 28 अगस्त तक कलियर दरगाह के एक किलोमीटर दायरे में जीरो जोन, आवश्यक सेवाओं को छोड़कर सभी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित; अलग-अलग रूट से होंगे डायवर्जन,,
रुड़की, हरिद्वार और भगवानपुर से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग रूट तय, क्षमता फुल होते ही वैकल्पिक पार्किंग का होगा इस्तेमाल; यातायात व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर सख्ती

उर्स 2026 को लेकर कलियर में ट्रैफिक का ‘कड़ा पहरा’, 24 बैरियर और 13 पार्किंग स्थल तैयार,,
23 से 28 अगस्त तक कलियर दरगाह के एक किलोमीटर दायरे में जीरो जोन, आवश्यक सेवाओं को छोड़कर सभी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित; अलग-अलग रूट से होंगे डायवर्जन,,
रुड़की, हरिद्वार और भगवानपुर से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग रूट तय, क्षमता फुल होते ही वैकल्पिक पार्किंग का होगा इस्तेमाल; यातायात व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर सख्ती
कलियर/हरिद्वार। उर्स-2026 को लेकर पिरान कलियर में पुलिस-प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को लेकर कमर कस ली है। उर्स के दौरान देशभर से बड़ी संख्या में जायरीन के पहुंचने की संभावना को देखते हुए कलियर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए व्यापक ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि 23 अगस्त 2026 से 28 अगस्त 2026 तक आवश्यक सेवाओं में लगे वाहनों को छोड़कर अन्य वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। दरगाह परिसर के एक किलोमीटर के दायरे को सुरक्षा की दृष्टि से जीरो जोन बनाया जाएगा।
24 स्थानों पर बैरियर, 13 जगह पार्किंग की व्यवस्था
उर्स के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए पूरे मेला क्षेत्र में 24 स्थानों पर बैरियर स्थापित किए गए हैं। इसके साथ ही जायरीन के वाहनों को व्यवस्थित तरीके से खड़ा कराने के लिए 13 प्रमुख पार्किंग स्थल चिन्हित किए गए हैं।प्रशासन की योजना के मुताबिक अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहनों को इमाम साहब पार्किंग, पीर गैब साहब के नीचे, साबरी नर्सिंग पार्किंग, रहमतपुर रोड स्थित कोर इंजीनियरिंग कॉलेज के पास, दोनों नहरों के बीच धनौरी साइड, हज हाउस के सामने, नूरबीबी पार्किंग, बेड़पुर गांव/बेड़पुर चौक, चार मिनार होटल के नीचे इमली रोड, पीएनबी पार्किंग, चिराग अली शाह पक्की पार्किंग, होटल कैनाल व्यू ग्राउंड-कांवड़ पटरी तथा एनआईसी कॉलेज ग्राउंड/सिंचाई विभाग की खाली जमीन धनौरी में पार्क कराया जाएगा।प्रशासन का साफ संदेश है कि दरगाह परिसर के नजदीक पहुंचकर वाहन खड़ा करने की कोशिश करने के बजाय निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करना होगा।
रुड़की से आने वाले वाहनों के लिए बदलेगा रूट
23 अगस्त से रुड़की नहर पटरी से कलियर की ओर आने वाले चार पहिया और दोपहिया वाहनों, जिन्हें हरिद्वार जाना है, उन्हें नगर पालिका पुल और सोनाली पार्क के उत्तरी किनारे से हरिद्वार हाईवे की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
वहीं पुरानी नहर पटरी से रुड़की की ओर से कलियर आने वाले हरिद्वार जाने वाले वाहनों को मेहवड़ पुल से मेहवड़ कला यूटर्न कर कांवड़ पटरी के रास्ते सोलानी पुल की ओर से हाईवे पर भेजा जाएगा।भगवानपुर-इमलीखेड़ा की ओर से आने वाले हरिद्वार जाने वाले चार पहिया वाहनों को धनौरी होते हुए बहादराबाद की ओर भेजा जाएगा। दूसरी ओर हरिद्वार से आने वाले ऐसे वाहन, जिन्हें भगवानपुर या सहारनपुर जाना है, उन्हें धनौरी तिरछा पुल से डायवर्ट कर धनौरी-इमलीखेड़ा मार्ग से भेजा जाएगा।
हरिद्वार से नहर पटरी के रास्ते रुड़की जाने वाले वाहनों को बहादराबाद से डायवर्ट कर हाईवे की ओर भेजा जाएगा। रुड़की और नगला इमरती बाईपास की ओर से आने वाले हरिद्वार जाने वाले वाहनों को कोर इंजीनियरिंग कॉलेज तिराहा से हरिद्वार हाईवे की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
जायरीनों के वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग तय
कोर इंजीनियरिंग कॉलेज से कलियर आने वाले छोटे-बड़े जायरीनों के वाहनों को रहमतपुर रोड/कोर इंजीनियरिंग कॉलेज के पास बनाई गई अस्थायी पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा।
धनौरी कांवड़ नहर पटरी से आने वाले वाहनों को इमाम साहब के नीचे अजमेरी गेट पार्किंग में भेजा जाएगा। धनौरी रोड और पुरानी नहर पटरी से आने वाले वाहनों को धनौरी इंटर कॉलेज क्षेत्र में रोककर इंटर कॉलेज ग्राउंड और खाली प्लॉटिंग क्षेत्र में पार्क कराया जाएगा।
धनौरी पुरानी नहर पटरी और बावन दर्रा मध्य पटरी से आने वाले जायरीनों के वाहनों के लिए नूरबीबी दोपहिया एवं चार पहिया पार्किंग निर्धारित की गई है। बेड़पुर की ओर से आने वाले वाहनों को बेड़पुर गांव के पास विधायक पेट्रोल पंप से पहले स्थित खाली मैदान में पार्क कराया जाएगा।
इमलीखेड़ा-मेहवड़ रोड के लिंक मार्ग से आने वाले वाहनों के लिए चार मिनार होटल के नीचे इमली रोड पार्किंग निर्धारित है। वहीं रुड़की से पुरानी नहर पटरी के रास्ते आने वाले वाहनों को हज हाउस के सामने पक्की पार्किंग और पीएनबी के समीप पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा।
रिक्शा-तांगा से लेकर विक्रम-टेंपो तक के लिए भी प्लान
पुरानी नहर पटरी से आने वाले रिक्शा और तांगा वाहनों को साबरी नर्सिंग तांगा स्टैंड कलियर में पार्क कराया जाएगा। वहीं कांवड़ नहर पटरी से आने वाले विक्रम, टेंपो और मैटाडोर वाहनों को मेहवड़ पुल से बाजूहेड़ी चौराहा होते हुए दोनों नहरों के मध्य पटरी पर डायवर्ट कर पीर गैब साहब दरगाह के नीचे बनी पार्किंग में भेजा जाएगा।
कांवड़ नहर पटरी से आने वाले छोटे-बड़े जायरीनों के वाहनों के लिए होटल कैनाल व्यू के पास राणा ब्रिक फील्ड पार्किंग निर्धारित की गई है। रहमतपुर और अन्य स्थानीय दोपहिया वाहनों के लिए कलियर चौक से सदन चौक के बीच दोपहिया पार्किंग बनाई गई है।
पार्किंग फुल हुई तो तुरंत खुलेंगे वैकल्पिक स्थल
प्रशासन ने भीड़ और वाहनों की संख्या बढ़ने की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था भी तैयार रखी है। यदि निर्धारित पार्किंग स्थलों की क्षमता पूरी हो जाती है तो मेहवड़ पुल के निकट खाली मैदान और धनौरी लॉ कॉलेज मैदान को वैकल्पिक पार्किंग के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा।
उर्स के दौरान सबसे बड़ी चुनौती भीड़, वाहनों और श्रद्धालुओं की आवाजाही को नियंत्रित करना होगी। ऐसे में प्रशासन का पूरा फोकस रूट डायवर्जन, बैरियर, पार्किंग और जीरो जोन पर रहेगा। यातायात प्लान को तोड़ने या प्रतिबंधित क्षेत्र में जबरन प्रवेश करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्ती की जाएगी।
23 से 28 अगस्त तक कलियर में बिना अनुमति वाहन लेकर पहुंचने की कोशिश परेशानी का सबब बन सकती है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं और आम वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित रूट और पार्किंग व्यवस्था का पालन करें, पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें और उर्स के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने में जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाएं।



