हरिद्वार के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार का मौका, सभी ब्लॉकों में लगेंगे भर्ती शिविर,, SIS इंडिया लिमिटेड में सुरक्षा जवान, सुपरवाइजर और सुरक्षा अधिकारी पदों पर चयन; 19 सितंबर से 5 अक्टूबर तक चलेगी भर्ती प्रक्रिया

हरिद्वार के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार का मौका, सभी ब्लॉकों में लगेंगे भर्ती शिविर,,
SIS इंडिया लिमिटेड में सुरक्षा जवान, सुपरवाइजर और सुरक्षा अधिकारी पदों पर चयन; 19 सितंबर से 5 अक्टूबर तक चलेगी भर्ती प्रक्रिया

हरिद्वार। जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से हरिद्वार जनपद के सभी विकासखंडों में विशेष भर्ती शिविर आयोजित किए जाएंगे। भारतीय सुरक्षा दक्षता परिषद के सौजन्य तथा एसआईएस इंडिया लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले इन शिविरों में सुरक्षा जवान, सुरक्षा सुपरवाइजर और सुरक्षा अधिकारी पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।
जिला सेवायोजन अधिकारी कार्यालय की ओर से जारी पत्र के अनुसार भर्ती शिविरों के आयोजन के लिए विकासखंडवार तिथियां निर्धारित कर दी गई हैं। शिविरों में इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित दस्तावेजों के साथ पहुंचकर चयन प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे। भर्ती शिविर का समय प्रातः 10 बजे से शाम 4 बजे तक रखा गया है।
10वीं और 12वीं पास युवा कर सकते हैं आवेदन
भर्ती के लिए सुरक्षा जवान पद हेतु 10वीं पास, आयु 19 से 40 वर्ष तथा न्यूनतम लंबाई 168 सेंटीमीटर निर्धारित की गई है। वहीं सुरक्षा सुपरवाइजर पद के लिए 12वीं पास, आयु 19 से 40 वर्ष तथा न्यूनतम लंबाई 170 सेंटीमीटर रखी गई है। सुरक्षा अधिकारी पद के लिए चयन संबंधी विस्तृत जानकारी भर्ती शिविर में उपलब्ध कराई जाएगी।
अभ्यर्थियों को आवेदन के लिए 10वीं की मार्कशीट की फोटो कॉपी और आधार कार्ड की फोटो कॉपी साथ लानी होगी। चयनित अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण के लिए देहरादून स्थित ट्रेनिंग सेंटर में रिपोर्ट करने की जानकारी दी गई है। पत्र में प्रशिक्षण, वेतन, पीएफ, ग्रेच्युटी, ईएसआई, बीमा समेत अन्य सुविधाओं का भी उल्लेख किया गया है।
इन तारीखों में यहां लगेंगे भर्ती कैंप
जारी कार्यक्रम के अनुसार भगवानपुर विकासखंड में 19 और 21 सितंबर, रुड़की में 22 और 23 सितंबर, नारसन में 24 और 25 सितंबर, लक्सर में 26 और 28 सितंबर, खानपुर में 29 सितंबर और 1 अक्टूबर तथा बहादराबाद विकासखंड में 3 और 5 अक्टूबर 2026 को भर्ती शिविर आयोजित किए जाएंगे।
प्रशासन की ओर से सभी संबंधित विकास अधिकारियों को शिविरों के सफल आयोजन के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसरों से जोड़ा जा सके। जिला सेवायोजन कार्यालय ने युवाओं से निर्धारित तिथि और समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंचने की अपील की है।
भर्ती और अन्य जानकारी के लिए अभ्यर्थी 7830225134 अथवा 7905086105 मोबाइल नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।



