उत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरें

मुख्यमंत्री धामी आज हरिद्वार दौरे पर है: गुरुकुल कांगड़ी में ‘युवा शक्ति संवाद’ कार्यक्रम में युवाओं से सीधा संवाद,, शिक्षा, रोजगार, नवाचार और उत्तराखंड के विकास पर होगी खुली चर्चा, छात्र-छात्राएं और शिक्षक रखेंगे अपने सवाल व सुझाव,, जिला प्रशासन और पुलिस अलर्ट मोड पर, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के किए गए व्यापक इंतजाम

मुख्यमंत्री धामी आज हरिद्वार दौरे पर है: गुरुकुल कांगड़ी में ‘युवा शक्ति संवाद’ कार्यक्रम में युवाओं से सीधा संवाद,,

शिक्षा, रोजगार, नवाचार और उत्तराखंड के विकास पर होगी खुली चर्चा, छात्र-छात्राएं और शिक्षक रखेंगे अपने सवाल व सुझाव,,

जिला प्रशासन और पुलिस अलर्ट मोड पर, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के किए गए व्यापक इंतजाम

इन्तजार रजा हरिद्वार… उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज हरिद्वार दौरे पर हैं। मुख्यमंत्री गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित ‘युवा शक्ति संवाद’ कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे, जहां वे प्रदेश के छात्र-छात्राओं, युवाओं और शिक्षकों से सीधे संवाद करेंगे। कार्यक्रम को लेकर विश्वविद्यालय परिसर में सुबह से ही उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। बड़ी संख्या में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राएं, शोधार्थी, शिक्षक और युवा कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंच रहे हैं।

‘युवा शक्ति संवाद’ कार्यक्रम का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को सरकार से सीधे जोड़ना और उनकी समस्याओं, सुझावों तथा अपेक्षाओं को सुनना है। मुख्यमंत्री युवाओं के सवालों का जवाब देंगे और राज्य सरकार द्वारा शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास, स्टार्टअप, नवाचार तथा उत्तराखंड के समग्र विकास के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी भी साझा करेंगे। माना जा रहा है कि कार्यक्रम में युवाओं के सुझावों को भविष्य की नीतियों में भी स्थान दिया जा सकता है।

कार्यक्रम में सबसे अधिक चर्चा शिक्षा और रोजगार जैसे विषयों पर होने की संभावना है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं, उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों तथा रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के मन में कई सवाल हैं, जिन्हें वे मुख्यमंत्री के सामने रखेंगे। इसके साथ ही स्वरोजगार, स्टार्टअप, डिजिटल शिक्षा, तकनीकी प्रशिक्षण और युवाओं के लिए नई संभावनाओं पर भी विस्तार से चर्चा होने की उम्मीद है।

LIVE: हरिद्वार में आयोजित युवा शक्ति संवाद कार्यक्रम

निजी विद्यालयों के शिक्षकों की समस्याएं भी इस संवाद का अहम विषय बन सकती हैं। शिक्षकों को उम्मीद है कि उन्हें अपने वेतन, सेवा सुरक्षा, सुविधाओं और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को मुख्यमंत्री के सामने रखने का अवसर मिलेगा। शिक्षा जगत से जुड़े कई प्रतिनिधि भी कार्यक्रम में भाग लेने के लिए पहुंचे हैं।

गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के ब्रह्मचारी छात्रों में भी मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। छात्र इसे अपने विचार सीधे मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का सुनहरा अवसर मान रहे हैं। उनका कहना है कि सरकार और युवाओं के बीच इस प्रकार का सीधा संवाद लोकतंत्र को और अधिक मजबूत बनाता है तथा युवाओं को अपनी बात रखने का प्रभावी मंच उपलब्ध कराता है।

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। कार्यक्रम स्थल के आसपास सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस बल, यातायात पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। विश्वविद्यालय परिसर में प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सुरक्षा जांच की जा रही है। कार्यक्रम स्थल के आसपास बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था और यातायात संचालन के लिए अलग से प्लान लागू किया गया है ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

प्रशासन का कहना है कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी बनाए हुए हैं और कार्यक्रम स्थल पर आधुनिक सुरक्षा व्यवस्थाएं लागू की गई हैं।

कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे छात्रों और शिक्षकों ने भी मुख्यमंत्री के इस प्रयास की सराहना की है। उनका कहना है कि यदि सरकार समय-समय पर युवाओं से सीधे संवाद करती रहे तो उनकी वास्तविक समस्याओं और सुझावों को बेहतर तरीके से समझा जा सकेगा। युवाओं का मानना है कि उत्तराखंड के भविष्य के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के छात्र आदित्य शिवपुरी ने कहा कि मुख्यमंत्री का विश्वविद्यालय आना छात्रों के लिए प्रेरणादायक है। उन्हें उम्मीद है कि शिक्षा और रोजगार से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रश्नों का समाधान इस संवाद के माध्यम से मिलेगा।

हरिद्वार की शिक्षिका ताक्षी शर्मा ने कहा कि पहली बार युवाओं और शिक्षकों को अपनी बात सीधे मुख्यमंत्री के सामने रखने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए सरकार सकारात्मक कदम उठाएगी।

वहीं गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के छात्र दक्ष ने कहा कि युवा शक्ति ही उत्तराखंड की सबसे बड़ी ताकत है और मुख्यमंत्री के साथ यह संवाद प्रदेश के युवाओं के लिए नई दिशा तय करने वाला साबित हो सकता है।

अब पूरे प्रदेश की निगाहें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और युवाओं के बीच होने वाले इस महत्वपूर्ण संवाद पर टिकी हैं। उम्मीद की जा रही है कि ‘युवा शक्ति संवाद’ केवल विचार-विमर्श का मंच ही नहीं रहेगा, बल्कि युवाओं की अपेक्षाओं को नीतियों और विकास योजनाओं से जोड़ने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

Related Articles

Back to top button