घायल होने के बावजूद डटे रहे SHO नरेश राठौर, बदमाशों से मुठभेड़ में दिखाई बहादुरी,, ⚔️ प्रेमनगर में लूट के बाद पुलिस-क्रिमिनल आमना-सामना, एक बदमाश ढेर,, 🚨 गोली लगने के बाद भी जारी रखा ऑपरेशन, फरार आरोपियों की तलाश तेज

इन्तजार रजा हरिद्वार 🔴 घायल होने के बावजूद डटे रहे SHO नरेश राठौर, बदमाशों से मुठभेड़ में दिखाई बहादुरी,,
⚔️ प्रेमनगर में लूट के बाद पुलिस-क्रिमिनल आमना-सामना, एक बदमाश ढेर,,
🚨 गोली लगने के बाद भी जारी रखा ऑपरेशन, फरार आरोपियों की तलाश तेज
देहरादून। शहर के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में 29/30 अप्रैल की रात एक सनसनीखेज लूटकांड ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। लेकिन इस घटना के बाद पुलिस की तत्परता और बहादुरी भी सामने आई, जब थाना प्रभारी निरीक्षक (SHO) नरेश राठौर ने घायल होने के बावजूद बदमाशों के खिलाफ मोर्चा संभाले रखा। पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक आरोपी मारा गया, जबकि दो अन्य अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
घटना की शुरुआत उस समय हुई जब कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि कुछ अज्ञात बदमाशों ने एक व्यक्ति को गोली मारकर लूट की वारदात को अंजाम दिया है। सूचना मिलते ही SHO नरेश राठौर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां उन्हें देवराज नाम का युवक घायल अवस्था में मिला, जिसने बताया कि काले रंग की गुजरात नंबर की कार में सवार बदमाशों ने तमंचे की नोक पर उससे करीब दो लाख रुपये, मोबाइल फोन, एक डायरी और जरूरी दस्तावेज लूट लिए और विरोध करने पर उसे गोली मार दी।
➡️ घायल को अस्पताल भेजकर शुरू किया पीछा
पुलिस ने बिना देर किए घायल देवराज को प्राथमिक उपचार दिलाया और उसके बताए दिशा में बदमाशों का पीछा शुरू कर दिया। कुछ दूरी पर जंगल क्षेत्र में संदिग्ध कार दिखाई दी, जिसे घेरने की कोशिश की गई। इसी दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी।
➡️ जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश ढेर
बदमाशों की ओर से हो रही ताबड़तोड़ फायरिंग के बीच पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए। फरार बदमाशों की तलाश में पुलिस लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है।
➡️ SHO नरेश राठौर को लगी गोली, फिर भी नहीं छोड़ा मोर्चा
मुठभेड़ के दौरान एक गोली SHO नरेश राठौर को भी लगी, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और मौके पर डटे रहे। उनकी इस बहादुरी की चर्चा पूरे पुलिस महकमे और शहर में हो रही है। घायल अवस्था में भी उन्होंने ऑपरेशन को जारी रखा और टीम का नेतृत्व किया।
➡️ घायलों को हायर सेंटर किया गया रेफर
घटना के बाद घायल बदमाश, पीड़ित देवराज और SHO नरेश राठौर को पहले प्रेमनगर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से तीनों को हायर सेंटर रेफर किया गया। इलाज के दौरान घायल बदमाश की मौत हो गई, जबकि SHO और पीड़ित का इलाज जारी है।
➡️ SSP और अधिकारी मौके पर पहुंचे, जिले में हाई अलर्ट
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) देहरादून और SP सिटी समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पूरे जिले में तुरंत नाकाबंदी कर दी गई है और सभी बॉर्डर पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। संदिग्ध वाहनों की तलाशी ली जा रही है और फरार बदमाशों को पकड़ने के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं।
➡️ जंगलों में कॉम्बिंग ऑपरेशन जारी
पुलिस टीम लगातार जंगल क्षेत्रों में कॉम्बिंग कर रही है। आसपास के इलाकों में भी निगरानी बढ़ा दी गई है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया है ताकि फरार आरोपियों का जल्द से जल्द सुराग लगाया जा सके।
➡️ कानून-व्यवस्था पर सख्त संदेश
इस पूरी कार्रवाई ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि उत्तराखंड पुलिस अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है। घायल होने के बावजूद SHO नरेश राठौर का डटे रहना पुलिस की कर्तव्यनिष्ठा और साहस का बड़ा उदाहरण बनकर सामने आया है।
फिलहाल पुलिस फरार बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश होने की उम्मीद जताई जा रही है।



