कांवड़ यात्रा-2026 में आस्था का महासैलाब: आज आठवें दिन 39.15 लाख शिवभक्तों ने भरा गंगाजल,, अब तक 2.19 करोड़ से अधिक श्रद्धालु हरिद्वार से गंगाजल लेकर हुए रवाना, सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर प्रशासन की कड़ी नजर

कांवड़ यात्रा-2026 में आस्था का महासैलाब: आज आठवें दिन 39.15 लाख शिवभक्तों ने भरा गंगाजल,,
अब तक 2.19 करोड़ से अधिक श्रद्धालु हरिद्वार से गंगाजल लेकर हुए रवाना, सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर प्रशासन की कड़ी नजर
हरिद्वार, 06 अगस्त। धर्मनगरी हरिद्वार में कांवड़ यात्रा-2026 अपने चरम पर पहुंच गई है। यात्रा के आठवें दिन गुरुवार को शिवभक्तों का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ा। मेला कंट्रोल रूम में स्थापित पुलिस कंट्रोल रूम से प्राप्त आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, आज 39 लाख 15 हजार शिवभक्त हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। लगातार बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या के बीच पूरा हरिद्वार “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष से गुंजायमान रहा।
पुलिस कंट्रोल रूम के अनुसार कांवड़ यात्रा प्रारंभ होने से लेकर अब तक कुल 2 करोड़ 19 लाख 70 हजार शिवभक्त हरिद्वार से गंगाजल लेकर विभिन्न राज्यों के लिए प्रस्थान कर चुके हैं। यह आंकड़ा कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह का प्रमाण माना जा रहा है।
श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं सक्रिय है। कांवड़ मेले को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुचारु बनाए रखने के लिए सभी विभागों के अधिकारी और कर्मचारी लगातार अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। प्रमुख गंगा घाटों, कांवड़ मार्गों, पार्किंग स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा या अप्रिय घटना से बचा जा सके।
यात्रा के दौरान यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम, आपदा प्रबंधन, अग्निशमन विभाग तथा अन्य संबंधित एजेंसियां समन्वय के साथ चौबीसों घंटे कार्य कर रही हैं। विभिन्न स्थानों पर चिकित्सा शिविर, एंबुलेंस, नियंत्रण कक्ष और सहायता केंद्र भी संचालित किए जा रहे हैं, जिससे शिवभक्तों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
प्रशासन लगातार ड्रोन, सीसीटीवी कैमरों और कंट्रोल रूम के माध्यम से भीड़ की निगरानी कर रहा है। साथ ही कांवड़ मार्गों पर यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस बल लगातार तैनात है और आवश्यकता अनुसार यातायात डायवर्जन भी लागू किए जा रहे हैं।
जिला प्रशासन ने सभी शिवभक्तों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान निर्धारित कांवड़ मार्गों का ही उपयोग करें, प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा अफवाहों से बचते हुए सहयोगात्मक व्यवहार अपनाएं। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से स्वच्छता बनाए रखने और यात्रा को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने में सहभागी बनने की भी अपील की है।
हरिद्वार में लगातार उमड़ रही आस्था की इस विशाल भीड़ के बीच प्रशासनिक तैयारियां और सुरक्षा व्यवस्था भी पूरी मजबूती के साथ मैदान में दिखाई दे रही हैं। आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन एवं पुलिस ने सभी व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने की रणनीति पर कार्य तेज कर दिया है।



