अलर्टइन्वेस्टिगेशनउत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरेंकांवड़ यात्रा 2026कुंभ मेला तैयारीकैबिनेट प्रस्तावचारधाम यात्रा 2026जनसुनवाईधर्म और आस्थानिरीक्षणपरिवहनपर्यटन तैयारी समीक्षापॉलिटिकल तड़काप्रतिबंधितप्रशासनसमीक्षा बैठक

कांवड़ मेले को लेकर हरिद्वार प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसएसपी ने संभाली कमान,, डीएम मयूर दीक्षित व एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर की संयुक्त बैठक, 30 जून तक निर्माण कार्य पूरे करने के निर्देश,, यातायात, सुरक्षा, स्वच्छता और पेयजल व्यवस्था को लेकर सभी विभागों को सख्त हिदायत

इन्तजार रजा हरिद्वार- कांवड़ मेले को लेकर हरिद्वार प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसएसपी ने संभाली कमान,,

डीएम मयूर दीक्षित व एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर की संयुक्त बैठक, 30 जून तक निर्माण कार्य पूरे करने के निर्देश,,

यातायात, सुरक्षा, स्वच्छता और पेयजल व्यवस्था को लेकर सभी विभागों को सख्त हिदायत

हरिद्वार में आयोजित होने वाली देश की सबसे बड़ी कांवड़ यात्रा को सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर की मौजूदगी में जिला कार्यालय सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे समय रहते सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर लें, ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।

बैठक के दौरान कांवड़ यात्रा से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं जैसे यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल आपूर्ति और निर्माण कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार में लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही होती है, ऐसे में सभी व्यवस्थाओं का चुस्त-दुरुस्त होना बेहद आवश्यक है।

डीएम मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा क्षेत्र में कुंभ मेला से संबंधित जो भी निर्माण कार्य तेजी से पूरे किए जा सकते हैं, उन्हें हर हाल में 30 जून तक पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन कार्यों को इस अवधि में पूरा करना संभव नहीं है, उनके लिए वैकल्पिक कार्ययोजना तैयार की जाए, ताकि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।उन्होंने घाटों और पुलों पर चल रहे निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और लोक निर्माण विभाग को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि उनके अधीन आने वाली सभी निर्माणाधीन सड़कों के कार्य अगले दो महीनों के भीतर अनिवार्य रूप से पूर्ण कर लिए जाएं।

नगर निगम को कांवड़ यात्रा के दौरान स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ अस्थायी शौचालयों की समयबद्ध उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। डीएम ने कहा कि साफ-सफाई व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, क्योंकि यह सीधे तौर पर श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य से जुड़ा विषय है।सिंचाई विभाग को निर्देश दिए गए कि पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 31 मई से पहले टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली जाए। साथ ही पार्किंग स्थलों पर शौचालय, पेयजल और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

जल संस्थान और पेयजल निगम को कांवड़ पटरी मार्गों और पार्किंग स्थलों पर पेयजल आपूर्ति समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि गर्मी के मौसम को देखते हुए पानी की उपलब्धता एक महत्वपूर्ण मुद्दा है और इसमें किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए।जिला पंचायत को अपने-अपने क्षेत्रों में शौचालयों की व्यवस्था, साफ-सफाई और कांवड़ पटरी मार्गों पर झाड़ियों की कटाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वन विभाग को यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले पेड़ों की समय से लॉपिंग की अनुमति देने के निर्देश दिए गए, ताकि मार्ग पूरी तरह सुरक्षित और सुगम बना रहे।

विद्युत विभाग को कांवड़ मार्गों पर झूलती हुई बिजली की लाइनों को तुरंत ठीक करने और सभी लाइनों को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। वहीं, एचआरडीए को शहर और कांवड़ पटरी मार्गों पर स्ट्रीट लाइट व्यवस्था सुचारु रखने के लिए कहा गया, जिससे रात्रि के समय भी यात्रा सुरक्षित बनी रहे।

बैठक में एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष जोर देते हुए कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में निर्माण सामग्री को सड़क किनारे न रखा जाए, क्योंकि इससे यातायात बाधित होता है और दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है।

मयूर दीक्षित, जिलाधिकारी हरिद्वार ने यह भी निर्देश दिए कि सड़कों पर मौजूद गड्ढों को तत्काल भरा जाए, ताकि कांवड़ियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया जाएगा और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। “सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और तय समय सीमा के भीतर सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करें। हमारा उद्देश्य है कि कांवड़ यात्रा पूरी तरह सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो।”

नवनीत सिंह भुल्लर, एसएसपी हरिद्वार“ ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभाग मिलकर काम करें, ताकि यातायात सुचारु रहे और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।” इस बार कांवड़ यात्रा को पहले से अधिक बेहतर और व्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। सभी विभागों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं और उनकी नियमित मॉनिटरिंग भी की जा रही है।, हरिद्वार प्रशासन कांवड़ यात्रा को लेकर पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है और प्रयास किए जा रहे हैं कि देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

Related Articles

Back to top button