कांवड़िए से मारपीट और कार में तोड़फोड़: हरिद्वार से लौट रहे शिवभक्त पर हमला, एक आरोपी गिरफ्तार,, मंगलौर कोतवाली पुलिस की त्वरित कार्रवाई, मुकदमा दर्ज; अन्य आरोपितों की तलाश जारी

कांवड़िए से मारपीट और कार में तोड़फोड़: हरिद्वार से लौट रहे शिवभक्त पर हमला, एक आरोपी गिरफ्तार,,
मंगलौर कोतवाली पुलिस की त्वरित कार्रवाई, मुकदमा दर्ज; अन्य आरोपितों की तलाश जारी
हरिद्वार/मंगलौर, 01 अगस्त। कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने घर लौट रहे एक शिवभक्त के साथ मारपीट और उसकी कार में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। घटना के बाद हरकत में आई मंगलौर कोतवाली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को मौके से हिरासत में ले लिया। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर अन्य आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे सूचना मिली कि हाईवे फ्लाईओवर के निकट गोल्डन ढाबा के पास कुछ कांवड़िए एक अन्य कांवड़िए के साथ मारपीट कर रहे हैं। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक कोतवाली मंगलौर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। तब तक मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित कर मामला शांत करा दिया था।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि अल्टो कार संख्या HR-38AC-7944 हरिद्वार से दिल्ली की ओर जा रही थी। कार चालक स्वयं भी कांवड़िया था और हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान गोल्डन ढाबा फ्लाईओवर के समीप कार की टक्कर एक अज्ञात कांवड़िए की कांवड़ से हो गई, जिससे उसकी कांवड़ खंडित हो गई।
कांवड़ टूटने के बाद वहां मौजूद कुछ लोगों ने आक्रोशित होकर कार चालक के साथ मारपीट कर दी और उसकी कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से राजा उर्फ राजेश निवासी गंगनहर को हिरासत में ले लिया।
पीड़ित चालक की शिकायत के आधार पर कोतवाली मंगलौर में अभियोग संख्या 388/2026 दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य शामिल व्यक्तियों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ भी सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
हरिद्वार पुलिस ने सभी शिवभक्तों से अपील की है कि कांवड़ यात्रा आस्था और श्रद्धा का पर्व है। सभी श्रद्धालु संयम, अनुशासन और भाईचारे के साथ यात्रा पूरी करें तथा किसी भी विवाद या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधि से दूर रहें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कांवड़ मेले में शांति व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध बिना किसी रियायत के कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



