उत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरें

कांवड़ यात्रा में आस्था का महाप्रवाह: तीसरे दिन 20.25 लाख शिवभक्तों ने भरा गंगाजल,, अब तक 45.35 लाख कांवड़िये हरिद्वार से हुए रवाना, बेहतर व्यवस्थाओं पर शिवभक्तों ने मुख्यमंत्री धामी और जिला प्रशासन का जताया आभार

कांवड़ यात्रा में आस्था का महाप्रवाह: तीसरे दिन 20.25 लाख शिवभक्तों ने भरा गंगाजल,,

अब तक 45.35 लाख कांवड़िये हरिद्वार से हुए रवाना, बेहतर व्यवस्थाओं पर शिवभक्तों ने मुख्यमंत्री धामी और जिला प्रशासन का जताया आभार

हरिद्वार, 01 अगस्त। धर्मनगरी हरिद्वार में कांवड़ यात्रा-2026 पूरे श्रद्धा, उत्साह और भक्ति के साथ आगे बढ़ रही है। यात्रा के तीसरे दिन शनिवार को आस्था का ऐसा सैलाब उमड़ा कि लाखों शिवभक्त पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। मेला कंट्रोल रूम में स्थापित पुलिस कंट्रोल रूम से प्राप्त जानकारी के अनुसार तीसरे दिन 20 लाख 25 हजार कांवड़ियों ने हरिद्वार से गंगाजल भरा। वहीं यात्रा शुरू होने के बाद से अब तक 45 लाख 35 हजार शिवभक्त गंगाजल लेकर विभिन्न राज्यों के लिए प्रस्थान कर चुके हैं।

श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या के बावजूद जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य, स्वच्छता तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को पूरी सतर्कता के साथ संचालित किया जा रहा है। प्रमुख स्नान घाटों, कांवड़ पटरी मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ लगातार निगरानी रखी जा रही है, जिससे यात्रा सुचारु और सुरक्षित ढंग से संचालित हो रही है।

इस बार कांवड़ यात्रा में उत्तराखंड सरकार और जिला प्रशासन द्वारा किए गए व्यापक इंतजामों की शिवभक्त खुलकर सराहना कर रहे हैं। देश के विभिन्न राज्यों से हरिद्वार पहुंचे श्रद्धालुओं का कहना है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में यात्रा को पहले से अधिक व्यवस्थित, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाया गया है।

दिल्ली के ओखला क्षेत्र से आए शिवभक्त मोनू ने कहा कि इस बार यात्रा मार्ग पर पेयजल, स्वच्छ शौचालय, साफ-सफाई और कांवड़ पटरी मार्ग की बेहतर व्यवस्था देखने को मिली है। उन्होंने कहा कि सरकार और जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा है, जिसके लिए वे मुख्यमंत्री और प्रशासन के आभारी हैं।

वहीं उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से पहली बार हरिद्वार पहुंचे कार्तिक ने बताया कि यात्रा मार्ग पर जगह-जगह मेडिकल कैंप लगाए गए हैं और सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने कहा कि पहली बार हरिद्वार आकर उन्हें बहुत अच्छा अनुभव मिला और व्यवस्थाएं उम्मीद से कहीं बेहतर हैं।

दिल्ली के समयपुर बादली से दूसरी बार कांवड़ यात्रा पर आए हेमंत ने कहा कि इस बार उत्तराखंड सरकार ने शिवभक्तों के लिए “नंबर वन” व्यवस्थाएं की हैं। उन्होंने यात्रा मार्ग पर उपलब्ध कराई गई सुविधाओं, सुरक्षा और प्रशासनिक सहयोग की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और जिला प्रशासन का धन्यवाद व्यक्त किया।

जिला प्रशासन का कहना है कि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफल बनाने के लिए सभी विभागों के अधिकारी और कर्मचारी पूरी निष्ठा से अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। प्रशासन ने सभी शिवभक्तों से अपील की है कि वे निर्धारित कांवड़ मार्गों का ही उपयोग करें, यातायात नियमों और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा स्वच्छ एवं सुरक्षित कांवड़ यात्रा के संचालन में अपना सहयोग दें।

हरिद्वार में उमड़ रही आस्था की इस विशाल भीड़ के बीच प्रशासनिक तैयारियां और श्रद्धालुओं का अनुशासन यात्रा को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। लाखों शिवभक्तों के सकारात्मक अनुभव यह दर्शाते हैं कि इस बार कांवड़ यात्रा में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है।

Related Articles

Back to top button