कांवड़ महायात्रा-2026: सुरक्षा का अभेद्य कवच तैयार, 6000 से ज्यादा जवानों और 13 कंपनी पैरामिलिट्री के भरोसे होगी करोड़ों शिवभक्तों की सुरक्षा,, रोशनाबाद पुलिस लाइन में हुई हाईलेवल ब्रीफिंग, 18 सुपर जोन, 40 जोन और 141 सेक्टर में बंटा मेला क्षेत्र; 10 ड्रोन और सीसीटीवी से होगी 24 घंटे निगरानी,, ADG वी. मुरुगेशन बोले- कांवड़ मेला सकुशल संपन्न कराना हर जवान की जिम्मेदारी, लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं; SSP नवनीत सिंह ने दिए सख्त दिशा-निर्देश

कांवड़ महायात्रा-2026: सुरक्षा का अभेद्य कवच तैयार, 6000 से ज्यादा जवानों और 13 कंपनी पैरामिलिट्री के भरोसे होगी करोड़ों शिवभक्तों की सुरक्षा,,
रोशनाबाद पुलिस लाइन में हुई हाईलेवल ब्रीफिंग, 18 सुपर जोन, 40 जोन और 141 सेक्टर में बंटा मेला क्षेत्र; 10 ड्रोन और सीसीटीवी से होगी 24 घंटे निगरानी,,
ADG वी. मुरुगेशन बोले- कांवड़ मेला सकुशल संपन्न कराना हर जवान की जिम्मेदारी, लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं; SSP नवनीत सिंह ने दिए सख्त दिशा-निर्देश
हरिद्वार। विश्व प्रसिद्ध कांवड़ महायात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए उत्तराखंड पुलिस और प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। शनिवार को पुलिस लाइन रोशनाबाद स्थित बहुउद्देशीय भवन में ADG अपराध एवं कानून व्यवस्था वी. मुरुगेशन की अध्यक्षता में कांवड़ मेला-2026 में नियुक्त पुलिस, प्रशासन और अर्द्धसैनिक बलों की संयुक्त हाईलेवल ब्रीफिंग आयोजित की गई। इस दौरान साफ संदेश दिया गया कि इस बार कांवड़ मेले में सुरक्षा व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होगा और हर पुलिसकर्मी अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा के साथ निभाएगा।
बैठक में निर्देशक यातायात के.के.वी.के., आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, आईजी एसटीएफ निलेश आनंद भरणे, आईजी संचार विम्मी सचदेवा, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित तथा एसएसपी नवनीत सिंह सहित वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा गढ़वाल और कुमाऊं रेंज से आए पुलिस बल, पीएसी, आईआरबी, होमगार्ड, पीआरडी, वन विभाग, प्रशासनिक अधिकारी और केंद्र से प्राप्त 13 कंपनी अर्द्धसैनिक बल भी ब्रीफिंग में शामिल हुए।
18 सुपर जोन, 40 जोन और 141 सेक्टर में बंटा पूरा मेला क्षेत्र
कांवड़ मेले की विशाल भीड़ और सुरक्षा चुनौतियों को देखते हुए पूरे मेला क्षेत्र को 18 सुपर जोन, 40 जोन और 141 सेक्टर में विभाजित किया गया है। सुपर जोन की कमान एएसपी स्तर, जोन की जिम्मेदारी सीओ एवं इंस्पेक्टर स्तर तथा सेक्टर की जिम्मेदारी थानाध्यक्ष, एसओ और एसएसआई स्तर के अधिकारियों को सौंपी गई है।इसके साथ ही एसपी सिटी को कांवड़ मेले का नोडल अधिकारी, एसपी देहात को ग्रामीण क्षेत्र की जिम्मेदारी, जबकि एसपी क्राइम एवं ट्रैफिक निशा यादव को पूरे यातायात प्रबंधन और डायवर्जन प्लान की कमान सौंपी गई है।
10 ड्रोन, सीसीटीवी और डॉग स्क्वॉड रखेंगे हर गतिविधि पर नजर
इस बार सुरक्षा व्यवस्था को हाईटेक बनाया गया है। पूरे मेला क्षेत्र में 10 ड्रोन कैमरों के माध्यम से लगातार हवाई निगरानी की जाएगी, जबकि सीसीटीवी कैमरे हर संवेदनशील गतिविधि पर नजर रखेंगे। इसके अलावा बीडीएस और डॉग स्क्वॉड की 9 टीमें चौबीसों घंटे सक्रिय रहेंगी ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।अधिकारियों ने निर्देश दिए कि किसी भी अफवाह, संदिग्ध व्यक्ति, लावारिस वस्तु या धार्मिक भावनाएं भड़काने वाली गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जाए। सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं की भी लगातार निगरानी रखी जाएगी।
ADG ने जवानों का बढ़ाया उत्साह, बोले- हर जवान दे अपना 100 प्रतिशत
ADG वी. मुरुगेशन ने अपने संबोधन में कहा कि पिछली कांवड़ यात्राओं और वर्तमान चारधाम यात्रा में उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए इस बार की कांवड़ यात्रा एक बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जवान पूरी निष्ठा, सतर्कता और समर्पण के साथ अपनी ड्यूटी निभाए। किसी भी दुर्घटना या विवाद की स्थिति में बिना समय गंवाए उच्चाधिकारियों को सूचना दें और मौके पर व्यवस्थाओं को संभालने में सक्रिय भूमिका निभाएं।उन्होंने स्पष्ट कहा कि ड्यूटी के दौरान कोई भी पुलिसकर्मी केवल मूकदर्शक न बने, बल्कि हर परिस्थिति में त्वरित निर्णय लेकर स्थिति को नियंत्रित करे।
सोशल मीडिया और भड़काऊ गतिविधियों पर रहेगी पैनी नजर
आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने कहा कि असामाजिक तत्वों, भड़काऊ डीजे, सोशल मीडिया पर वायरल होने वाली अफवाहों तथा धार्मिक भावनाओं को भड़काने वाली गतिविधियों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। स्थानीय लोगों के साथ समन्वय बनाकर कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम को देखते हुए सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों का भ्रमण कर आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर लें और किसी भी कमी को तत्काल प्रशासन के सहयोग से दूर करें।
आईजी एसटीएफ ने दिए पार्किंग और सुरक्षा के विशेष निर्देश
आईजी एसटीएफ निलेश आनंद भरणे ने कहा कि सभी वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े कराए जाएं। सड़क किनारे किसी भी प्रकार की पार्किंग नहीं होने दी जाएगी। हरकी पैड़ी सहित सभी संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत रखने तथा संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
डीएम मयूर दीक्षित बोले- पुलिस और प्रशासन एक टीम की तरह करें कार्य
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। किसी भी घटना या आपदा की सूचना मिलने पर तुरंत जिला आपदा प्रबंधन टीम को अवगत कराया जाए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा जैसे विशाल आयोजन में पुलिस और प्रशासन एक ही टीम के रूप में कार्य करेंगे और हर चुनौती का संयुक्त रूप से सामना करेंगे।
एसएसपी नवनीत सिंह ने दिए सख्त निर्देश
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने सभी पुलिसकर्मियों को मानसून के मद्देनजर टॉर्च, रेनकोट, डंडा और आवश्यक सामग्री साथ रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डिहाइड्रेशन से बचने के लिए ORS और नींबू पानी का उपयोग करें तथा किसी भी इनपुट या घटना की सूचना तुरंत उच्चाधिकारियों तक पहुंचाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि रात के समय कोई भी कांवड़िया सड़क पर सोता हुआ नहीं मिले। थाना प्रभारी पीए सिस्टम के माध्यम से लगातार अनाउंसमेंट कर श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर भेजेंगे। पैदल कांवड़ियों को मुख्य सड़क के बजाय नहर पटरी मार्ग से भेजा जाएगा और डायवर्जन प्वाइंट पर किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होगी।
ड्यूटी में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिलेगा सम्मान
पुलिस मुख्यालय ने निर्णय लिया है कि मेले के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले जवानों को प्रतिदिन सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा पुलिस वेलफेयर टीम भोजन, पानी, रेनकोट, दवाइयां और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराएगी। पूरे मेले की निगरानी कंट्रोल रूम से 24 घंटे की जाएगी और किसी भी कर्मचारी को मोबाइल स्विच ऑफ रखने की अनुमति नहीं होगी।
6000 से अधिक जवानों का सुरक्षा घेरा
कांवड़ मेला-2026 के लिए 21 अपर पुलिस अधीक्षक, 39 पुलिस उपाधीक्षक, 48 निरीक्षक एवं थानाध्यक्ष, 424 उपनिरीक्षक स्तर के अधिकारी, 1324 मुख्य आरक्षी एवं आरक्षी, 1558 रिजर्व पुलिस कर्मी, 10 कंपनी पीएसी व आईआरबी, 13 कंपनी केंद्रीय अर्द्धसैनिक बल, 700 होमगार्ड, 350 पीआरडी जवान, 800 विशेष पुलिस अधिकारी (SPO), 43 फायर सर्विस टीमें, 5 जल पुलिस टीमें, 4 एसडीआरएफ टीमें, घुड़सवार पुलिस, डॉग स्क्वॉड, बीडीएस, क्यूआरटी तथा अन्य विशेष इकाइयों को तैनात किया गया है।
इसके अतिरिक्त संयुक्त पुलिस चौकियां, खोया-पाया केंद्र, सीसीटीवी मॉनिटरिंग सेल, जेबकतरा निरोधक टीम, कांवड़ भेष में पुलिसकर्मी तथा उत्तर प्रदेश सीमा के विभिन्न प्रवेश बिंदुओं पर विशेष टीमें भी तैनात रहेंगी। हरिद्वार प्रशासन और उत्तराखंड पुलिस का दावा है कि आधुनिक तकनीक, व्यापक सुरक्षा व्यवस्था, मजबूत यातायात प्रबंधन और हजारों पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ इस बार की कांवड़ महायात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए पूरी तरह सुगम बनाया जाएगा।



