ज्वालापुर में ‘नाम की प्लेट’ का खेल पड़ा भारी, पुलिस ने सड़क पर चलाया एक्शन,, 13 वाहनों के चालान, 20 नाम पट्टिकाएं हटाईं और 3 जब्त; ₹5,500 का वसूला जुर्माना

ज्वालापुर में ‘नाम की प्लेट’ का खेल पड़ा भारी, पुलिस ने सड़क पर चलाया एक्शन,,
13 वाहनों के चालान, 20 नाम पट्टिकाएं हटाईं और 3 जब्त; ₹5,500 का वसूला जुर्माना

इन्तजार रजा हरिद्वार सड़क पर वाहन दौड़ रहा था, लेकिन उस पर लगी नाम-पद की पट्टिका ने पुलिस की नजर रोक दी। फिर शुरू हुआ चेकिंग का ऐसा एक्शन, जिसमें नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर ज्वालापुर पुलिस ने शिकंजा कस दिया। पुलिस के अभियान से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर जनपद में वाहनों से अनाधिकृत और अनावश्यक नाम पट्टिकाएं हटाने का अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत बुधवार, 23 सितंबर 2026 को कोतवाली ज्वालापुर पुलिस ने क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया।प्रभारी निरीक्षक ज्वालापुर के निर्देशन में प्रभारी चौकी बाजार/रेल के नेतृत्व में पुलिस टीम सड़क पर उतरी। पुलिसकर्मियों ने एक-एक कर वाहनों की जांच शुरू की। जिन वाहनों पर नियम विरुद्ध अथवा अनावश्यक नाम-पद संबंधी पट्टिकाएं लगी मिलीं, उनके खिलाफ मौके पर कार्रवाई की गई।
पुलिस की कार्रवाई ने मचाई हलचल
चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 13 वाहनों के चालान किए। इतना ही नहीं, वाहनों पर लगी 20 नाम पट्टिकाओं को मौके पर ही हटवाया गया, जबकि नियम विरुद्ध लगी 3 नाम पट्टिकाओं को पुलिस ने जब्त कर लिया।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चालान के माध्यम से कुल ₹5,500 का संयोजन शुल्क भी वसूला।
पुलिस की इस कार्रवाई का संदेश साफ था—सड़क पर वाहन चलाइए, लेकिन नियमों को अपनी पहचान मत बनाइए। नाम, पद या किसी अन्य प्रभाव को दर्शाने वाली अनधिकृत पट्टिकाओं का इस्तेमाल अब पुलिस की नजर से बच नहीं पाएगा।
‘नाम बड़ा या नियम?’—ज्वालापुर पुलिस ने दिया साफ संदेश
हरिद्वार पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों पर नियम विरुद्ध अथवा अनाधिकृत नाम/पद संबंधी पट्टिकाओं का प्रयोग न करें। साथ ही सभी वाहन चालक यातायात नियमों का पालन करते हुए वाहन चलाएं।
ज्वालापुर पुलिस की इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि सड़क पर किसी भी तरह की अनधिकृत पहचान या रौब दिखाने वाली पट्टिकाओं को लेकर पुलिस अब सख्त नजर आ रही है। आने वाले दिनों में भी अभियान जारी रहने की संभावना है।



