माँ गंगा के किनारे नशे का कारोबार नाक़ाबिले बर्दाश्त SSP हरिद्वार ने लिया वायरल वीडियो का संज्ञान,, आरोपी गिरफ्तार,, पंत दीप पार्किंग से अंग्रेजी शराब की भारी खेप बरामद, पुलिस की सख़्त कार्रवाई

इन्तजार रजा हरिद्वार-माँ गंगा के किनारे नशे का कारोबार नाक़ाबिले बर्दाश्त,,
SSP हरिद्वार ने लिया वायरल वीडियो का संज्ञान, आरोपी गिरफ्तार,,
पंत दीप पार्किंग से अंग्रेजी शराब की भारी खेप बरामद, पुलिस की सख़्त कार्रवाई
हरिद्वार, 03 नवम्बर 2025 —
पवित्र नगरी हरिद्वार में माँ गंगा के तट पर नशे का कारोबार करने वालों पर अब शिकंजा कसना शुरू हो गया है। रविवार देर शाम पंत दीप पार्किंग क्षेत्र का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें एक व्यक्ति खुलेआम अवैध अंग्रेजी शराब बेचता नज़र आया। वीडियो सामने आते ही हरिद्वार पुलिस हरकत में आ गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने वायरल वीडियो का तत्काल संज्ञान लेते हुए कोतवाली नगर पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देश मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

👉 आरोपी की पहचान और बरामद शराब की बड़ी खेप
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान सुमित पुत्र सुभाष, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम रामपुर तिराहा, थाना छप्पर, जनपद मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई।
बरामदगी में शामिल हैं —
• 44 बोतल इंपीरियल ब्लू
• 39 बोतल रॉयल स्टैग
• 235 टेट्रा पैक माल्टा मार्का शराब
यह शराब बिना किसी वैध लाइसेंस या अनुमति के बेची जा रही थी। पुलिस ने बताया कि आरोपी हरिद्वार में आने वाले श्रद्धालुओं और युवाओं को सस्ते दामों पर शराब उपलब्ध कराने की फिराक में था।
👉 SSP का सख्त संदेश: धार्मिक नगरी में नशे को नहीं मिलेगी जगह
SSP हरिद्वार ने कहा कि “माँ गंगा के तट पर नशे का कारोबार न केवल गैरकानूनी है बल्कि धार्मिक भावनाओं का भी अपमान है। ऐसी गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। हरिद्वार में गंगा घाटों के आसपास पुलिस की गश्त और निगरानी और बढ़ाई जाएगी।” उन्होंने स्पष्ट किया कि वायरल वीडियो की पुष्टि के बाद ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। आरोपी के विरुद्ध मुकदमा अपराध संख्या 736/2025, धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।
👉 गंगा घाटों पर बढ़ेगी निगरानी, गश्त को किया जाएगा दोगुना
पुलिस ने बताया कि इस घटना के बाद पंत दीप, हर की पैड़ी, और निकटवर्ती घाटों पर सिविल ड्रेस में पुलिसकर्मी तैनात किए जा रहे हैं ताकि भविष्य में कोई भी इस प्रकार का नशे का धंधा संचालित न कर सके।हरिद्वार पुलिस की यह त्वरित कार्रवाई न केवल धार्मिक आस्था की रक्षा का उदाहरण है बल्कि यह भी संदेश देती है कि गंगा किनारे अब किसी भी अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



