रानीपुर में देशभक्ति की गूंज सेना के शौर्य को समर्पित तिरंगा यात्रा हजारों लोगों ने लिया तिरंगा यात्रा में उत्साहपूर्वक हिस्सा

इन्तजार रजा हरिद्वार- रानीपुर में देशभक्ति की गूंज
सेना के शौर्य को समर्पित तिरंगा यात्रा
हजारों लोगों ने लिया तिरंगा यात्रा में उत्साहपूर्वक हिस्सा
हरिद्वार। रानीपुर विधानसभा के ज्वालापुर क्षेत्र में भारतीय सेना के “ऑपरेशन सिंदूर” की सफलता के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा न केवल सेना की वीरता का सम्मान थी, बल्कि राष्ट्र के प्रति जनता की एकजुट भावना का भी प्रतीक बनी। हजारों की संख्या में लोगों ने इस यात्रा में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
तिरंगा यात्रा पुल जटवाड़ा से प्रारंभ होकर ज्वालापुर बाजार से होती हुई श्रीराम चौक तक पहुंची। यात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं ने 100 मीटर लंबा तिरंगा हाथों में थाम रखा था, जो यात्रा का मुख्य आकर्षण बना। “भारत माता की जय”, “हिंदुस्तान जिंदाबाद” और “भारतीय सेना अमर रहे” जैसे नारों से वातावरण राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया।
इस अवसर पर रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने कहा कि “ऑपरेशन सिंदूर” भारतीय सेना के साहस और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा के माध्यम से हम अपने वीर सैनिकों को श्रद्धा और सम्मान अर्पित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज भारत की सेना पूरे विश्व में अपनी ताकत और साहस के लिए जानी जाती है।
भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने कहा कि यह यात्रा केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्र की एकता, अखंडता और भारतीय सेना के प्रति जनता के अटूट विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हर भारतीय को सेना पर गर्व है और इस यात्रा ने उस गर्व को स्वरूप दिया है।
स्थानीय नागरिकों ने भी यात्रा का जगह-जगह पुष्प वर्षा से स्वागत किया। महिलाओं, युवाओं, व्यापारियों और अधिवक्ताओं ने भी पूरे जोश और श्रद्धा से भागीदारी निभाई।
इस अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष संदीप गोयल, जिला महामंत्री आशु चौधरी, लव शर्मा, अतुल वशिष्ठ, विपिन शर्मा, वरुण वशिष्ठ, आलोक चौहान, रमेश पाठक, विनीत चौहान, संदीप राठी, नागेंद्र राणा, रजनी वर्मा, डॉक्टर राजकुमार यादव, पंकज चौहान, हितेश चौधरी, गरिमा सिंह सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। तिरंगा यात्रा ने रानीपुर विधानसभा में देशभक्ति की अलख जगा दी।