चंपावत कांड पर सपा का “आर-पार” का ऐलान,, ज्वालापुर में सड़कों पर उतरे सपाई, राव धन्नू सलेमपुर बोले— “बेटियां असुरक्षित, सरकार पूरी तरह विफल,, महन्त शुभम गिरी के नेतृत्व में उग्र प्रदर्शन, दोषियों को फांसी और निष्पक्ष जांच की उठी मांग

इन्तजार रजा हरिद्वार- चंपावत कांड पर सपा का “आर-पार” का ऐलान,,
ज्वालापुर में सड़कों पर उतरे सपाई, राव धन्नू सलेमपुर बोले— “बेटियां असुरक्षित, सरकार पूरी तरह विफल,,
महन्त शुभम गिरी के नेतृत्व में उग्र प्रदर्शन, दोषियों को फांसी और निष्पक्ष जांच की उठी मांग
उत्तराखंड के चंपावत जिले में नाबालिग लड़की से कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले को लेकर प्रदेशभर में आक्रोश का माहौल लगातार बढ़ता जा रहा है। घटना को लेकर अब राजनीतिक दल भी खुलकर मैदान में उतर आए हैं। शुक्रवार को हरिद्वार के ज्वालापुर स्थित समाजवादी पार्टी जिला कार्यालय पर समाजवादी पार्टी बाबा साहब अम्बेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राव धन्नू सलेमपुर और समाजवादी पार्टी उत्तराखंड के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष महन्त शुभम गिरी के नेतृत्व में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
इस दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा को लेकर सरकार को कटघरे में खड़ा किया। प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ताओं ने “बेटी बचाओ सिर्फ नारा है”, “महिलाओं को सुरक्षा दो”, “दोषियों को फांसी दो” और “कानून व्यवस्था ध्वस्त है” जैसे नारों से पूरे क्षेत्र का माहौल गर्म कर दिया।
ज्वालापुर स्थित पार्टी कार्यालय पर बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रदेश में लगातार बढ़ रही महिला अपराध की घटनाएं यह साबित कर रही हैं कि अपराधियों में कानून का कोई डर नहीं बचा है। नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार केवल दावे और घोषणाएं कर रही है, जबकि जमीनी स्तर पर महिलाएं और बेटियां खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं।
समाजवादी पार्टी बाबा साहब अम्बेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राव धन्नू सलेमपुर ने चंपावत घटना को बेहद शर्मनाक बताते हुए कहा कि यह केवल एक घटना नहीं बल्कि प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था की तस्वीर है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार महिला सुरक्षा के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन सच्चाई यह है कि आज बेटियां घर से बाहर निकलने में भी डर महसूस कर रही हैं।
राव धन्नू सलेमपुर ने कहा कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और सरकार पूरी तरह मूकदर्शक बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं लेकिन सरकार अपराध रोकने में नाकाम साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो समाजवादी पार्टी प्रदेशभर में उग्र आंदोलन करेगी। उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से कठोर सजा दी जाए ताकि भविष्य में कोई भी अपराधी ऐसी दरिंदगी करने की हिम्मत न कर सके।
वहीं समाजवादी पार्टी उत्तराखंड के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष महन्त शुभम गिरी ने भी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उत्तराखंड जैसे शांत प्रदेश में इस प्रकार की घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा किसी भी सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी होती है, लेकिन वर्तमान सरकार इस मोर्चे पर पूरी तरह असफल साबित हो रही है।
महन्त शुभम गिरी ने कहा कि सरकार को केवल बयानबाजी छोड़कर ठोस कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब जवाब मांग रही है और महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। उन्होंने मांग की कि पुलिस प्रशासन को पूरी तरह जवाबदेह बनाया जाए और ऐसे मामलों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई हो।
प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने कहा कि अपराध और भ्रष्टाचार लगातार बढ़ रहे हैं, जबकि आम जनता न्याय के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी जनता की आवाज बनकर लगातार संघर्ष करेगी और महिलाओं के सम्मान के मुद्दे पर किसी भी कीमत पर पीछे नहीं हटेगी।
कार्यक्रम के अंत में सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पीड़िता को न्याय दिलाने और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग को लेकर एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। प्रदर्शन के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला और सरकार के खिलाफ लगातार नारेबाजी होती रही।



