एनालॉग पनीर की शिकायतों पर हरिद्वार में खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा एक्शन!…. पनीर यूनिट से होटल और गोदाम तक छापेमारी जैसा सघन निरीक्षण—6 खाद्य नमूने जांच के लिए भेजे, 5 प्रतिष्ठानों पर कोर्ट में मुकदमे,,
बिना पंजीकरण चल रहा होटल किचन पकड़ा, खराब 50 किलो बेसन कराया नष्ट—खाद्य कारोबारियों में मचा हड़कंप

एनालॉग पनीर की शिकायतों पर हरिद्वार में खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा एक्शन!….
पनीर यूनिट से होटल और गोदाम तक छापेमारी जैसा सघन निरीक्षण—6 खाद्य नमूने जांच के लिए भेजे, 5 प्रतिष्ठानों पर कोर्ट में मुकदमे,,
बिना पंजीकरण चल रहा होटल किचन पकड़ा, खराब 50 किलो बेसन कराया नष्ट—खाद्य कारोबारियों में मचा हड़कंप

हरिद्वार, 10 सितंबर।
एनालॉग पनीर को लेकर मिल रही शिकायतों के बाद हरिद्वार में खाद्य सुरक्षा विभाग ने व्यापक निरीक्षण अभियान चलाकर खाद्य कारोबारियों पर शिकंजा कस दिया है। खाद्य सुरक्षा आयुक्त उत्तराखंड विनय शंकर पाण्डेय और जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित के निर्देश पर चलाए गए अभियान में पनीर निर्माण इकाइयों, डेयरी, होटल, सप्लाई यूनिट और खाद्य तेल के गोदामों की जांच की गई। कार्रवाई के दौरान कुल छह खाद्य पदार्थों के विधिक नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए, जबकि पूर्व में जारी नोटिसों का संतोषजनक जवाब नहीं देने वाले पांच खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ न्यायालय में वाद दायर किए गए।
जशोदरपुर और दुर्गागढ़ की पनीर इकाइयों की जांच
उपायुक्त गढ़वाल आर.एस. रावत के नेतृत्व में जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन सहित विभागीय टीम ने जशोदरपुर और दुर्गागढ़ स्थित पनीर निर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया। निरीक्षण में दुर्गागढ़ की पनीर निर्माण इकाई स्थायी रूप से बंद मिली। वहीं जशोदरपुर की इकाई में नवीनीकरण कार्य और नई पैक्ड पनीर यूनिट स्थापित किए जाने के कारण 27 अगस्त 2026 से पनीर निर्माण बंद पाया गया।
तेल गोदाम में जांच, 50 किलो खराब बेसन कराया नष्ट
खाद्य सुरक्षा टीम ने सराय स्थित खाद्य तेल निर्माता कंपनी के वितरण गोदामों का भी निरीक्षण किया। यहां से कच्ची धानी सरसों तेल और वनस्पति के दो विधिक नमूने जांच के लिए लिए गए। टीम ने गोदाम संचालकों को खाद्य पदार्थों का सुरक्षित भंडारण, साफ-सफाई और चूहेदानी के समुचित उपयोग के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान खराब हो चुका लगभग 50 किलोग्राम बेसन मौके पर ही नष्ट कराया गया।
पिरान कलियर की पनीर सप्लाई यूनिट से भी लिया नमूना
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कपिल देव ने रहमतपुर, पिरान कलियर स्थित पनीर सप्लाई यूनिट का निरीक्षण किया। विभाग के अनुसार यहां मेरठ स्थित एफएसएसएआई लाइसेंसधारी इकाई से पैक्ड पनीर की आपूर्ति होने की पुष्टि हुई। टीम ने मौके से पनीर का एक विधिक नमूना जांच के लिए लिया। गैर-अनुपालन पाए जाने पर संबंधित खाद्य कारोबारकर्ता को नोटिस जारी किया गया। इसके अलावा तस्सीपुर, रुड़की स्थित डेयरी इकाई से भी पनीर का एक नमूना संग्रहित किया गया।
होटल में बिना पंजीकरण किचन संचालित मिला
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश टम्टा ने हरिद्वार शहर के होटल और खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। एक यात्री की शिकायत के आधार पर श्रवणनाथ नगर स्थित होटल ध्रुव गंगा (परफेक्ट स्टेज होटल एंड रिसोर्ट) में आकस्मिक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान होटल का किचन बिना पंजीकरण संचालित पाया गया। इस पर होटल संचालक के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई। टीम ने वहां से प्रिपेयर्ड फूड (ग्रेवी) का एक नमूना भी जांच के लिए लिया। ब्रह्मपुरी, मनसा देवी रोड स्थित एक अन्य प्रतिष्ठान से वनस्पति का नमूना संग्रहित किया गया।
पांच प्रतिष्ठानों पर न्यायालय में वाद दायर
खाद्य सुरक्षा विभाग ने नगर निगम हरिद्वार क्षेत्र में पूर्व में दिए गए नोटिसों का संतोषजनक जवाब नहीं मिलने के बाद पांच खाद्य प्रतिष्ठानों के विरुद्ध न्याय निर्णायक अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के न्यायालय में वाद दायर किए हैं। विभाग के अनुसार संबंधित प्रतिष्ठानों पर बिना पंजीकरण खाद्य कारोबार संचालित करने, अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य सामग्री रखने और कालातीत खाद्य सामग्री की बिक्री जैसे मामलों में कार्रवाई की गई है।
खाद्य सुरक्षा विभाग का संदेश—आगे भी जारी रहेगा अभियान
एक ही दिन में छह खाद्य नमूने जांच के लिए भेजे जाने और पांच प्रतिष्ठानों के खिलाफ न्यायालय में वाद दायर होने से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए निरीक्षण और प्रवर्तन अभियान लगातार जारी रहेगा।



