अपीलअलर्टउत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरेंऑपरेशन कालनेमिकांवड़ यात्रा 2026

कांवड़ मेला-2026 के लिए हाई अलर्ट: हरिद्वार में पहली बार साइबर कमांडो तैनात, अफवाह फैलाने वालों पर होगी सीधी कार्रवाई,, डीएम मयूर दीक्षित का दावा— सभी तैयारियां पूरी, करोड़ों शिवभक्तों की सुरक्षा और सुविधा के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद,, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर की दो टूक— नियम तोड़ने वाले डीजे, फर्जी वीडियो और माहौल बिगाड़ने वालों को किसी कीमत पर नहीं मिलेगी राहत,,

कांवड़ मेला-2026 के लिए हाई अलर्ट: हरिद्वार में पहली बार साइबर कमांडो तैनात, अफवाह फैलाने वालों पर होगी सीधी कार्रवाई,,

डीएम मयूर दीक्षित का दावा— सभी तैयारियां पूरी, करोड़ों शिवभक्तों की सुरक्षा और सुविधा के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद,,

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर की दो टूक— नियम तोड़ने वाले डीजे, फर्जी वीडियो और माहौल बिगाड़ने वालों को किसी कीमत पर नहीं मिलेगी राहत,,

हरिद्वार, 27 जुलाई। कांवड़ मेला-2026 को लेकर जिला प्रशासन और हरिद्वार पुलिस ने अपनी तैयारियों का बड़ा खाका सार्वजनिक करते हुए साफ कर दिया है कि इस बार मेले में सुरक्षा व्यवस्था पहले से कहीं अधिक सख्त और हाईटेक होगी। करोड़ों शिवभक्तों के आगमन के बीच पहली बार साइबर कमांडो तैनात किए जाएंगे, जो सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी रखेंगे। एआई से तैयार किए गए फर्जी वीडियो, अफवाह फैलाने वाली पोस्ट और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई होगी।

प्रेस क्लब हरिद्वार में आयोजित पत्रकार संवाद कार्यक्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने संयुक्त रूप से मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि कांवड़ मेले की सभी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं और अब पूरा प्रशासनिक अमला मैदान में उतर चुका है।

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा कि कांवड़ मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं से जुड़ा एक विशाल प्रबंधन अभियान है। इस बार मानसून, राष्ट्रीय राजमार्गों पर चल रहे निर्माण कार्य और कुंभ-2027 की तैयारियों के बावजूद प्रशासन ने हर चुनौती का समाधान तैयार कर लिया है। प्रत्येक सेक्टर में अधिकारियों की तैनाती कर दी गई है और जहां भी किसी प्रकार की कमी दिखाई देगी, उसे तत्काल दूर किया जाएगा। डीएम ने बताया कि खाद्य सुरक्षा विभाग को मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने, दुकानों पर रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से लगाने तथा श्रद्धालुओं के साथ किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी रोकने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि मेला अवधि के दौरान 15 अगस्त तक प्रशासन पूरी सतर्कता और सक्रियता के साथ कार्य करेगा।

उन्होंने यह भी बताया कि 30 जुलाई से 11 अगस्त तक जिले के सभी विद्यालय बंद रहेंगे तथा विद्यार्थियों की पढ़ाई जारी रखने के लिए ऑनलाइन कक्षाओं के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अतिक्रमण हटाओ अभियान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कुंभ-2027 से पहले प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थानों को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त किया जाएगा।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा कि बदलते समय के साथ पुलिस की रणनीति भी बदली है। इस बार तकनीक का व्यापक उपयोग किया जाएगा। उन्होंने बताया कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे को कांवड़ यात्रा से अलग रखा गया है, जबकि श्रद्धालुओं का आवागमन मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेसवे से कराया जाएगा। इसके लिए उत्तर प्रदेश, दिल्ली और अन्य राज्यों की पुलिस के साथ समन्वय स्थापित किया जा चुका है।

एसएसपी ने डीजे वाहनों को लेकर भी कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि निर्धारित ऊंचाई, चौड़ाई और ध्वनि सीमा का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ बिना किसी चेतावनी के कार्रवाई की जाएगी। पिछले वर्ष नियम तोड़ने वालों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं और इस बार किसी भी तरह की लापरवाही या अराजकता बर्दाश्त नहीं होगी।

सोशल मीडिया पर निगरानी को लेकर एसएसपी ने कहा कि पहली बार साइबर कमांडो लगातार सक्रिय रहेंगे। कोई भी फर्जी, भ्रामक या समाज में भ्रम फैलाने वाला वीडियो सामने आने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। सामान्य भ्रामक सामग्री को 36 घंटे के भीतर हटाने और एआई जनरेटेड फर्जी वीडियो को लगभग तीन घंटे के भीतर हटाने की व्यवस्था की गई है। इसके लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और संबंधित एजेंसियों के साथ विशेष समन्वय बनाया गया है।

उन्होंने बताया कि मेले की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए अन्य जनपदों से अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलाया गया है। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

पत्रकार वार्ता के दौरान मीडिया प्रतिनिधियों ने ट्रैफिक प्लान, सुरक्षा व्यवस्था, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग, खाद्य सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर सवाल पूछे, जिनका डीएम और एसएसपी ने विस्तार से जवाब दिया। प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने प्रशासन और मीडिया के बीच इस तरह के संवाद को जनहित के लिए आवश्यक बताते हुए कहा कि सही सूचना समय पर जनता तक पहुंचाना मीडिया और प्रशासन दोनों की साझा जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम के अंत में प्रेस क्लब की ओर से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर को शॉल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान महामंत्री सूर्यकांत बेलवाल, वरिष्ठ पत्रकार सुनील दत्त पांडे, सूचना अधिकारी रती लाल शाह सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।

इस बार का संदेश बिल्कुल साफ है— कांवड़ मेला आस्था का पर्व है, लेकिन कानून से खिलवाड़, सोशल मीडिया पर अफवाह और नियमों की अनदेखी करने वालों के लिए प्रशासन ने पहले ही सख्त चेतावनी जारी कर दी है।

Related Articles

Back to top button