Daily Live Uttarakhand updateअपीलअलर्टइन्वेस्टिगेशनउत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरें

17 सितंबर से हरिद्वार में शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, 18 अक्टूबर तक होंगे जनसेवा के विविध कार्यक्रम….. सुशासन, जनकल्याण और विकसित भारत-2047 के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने की तैयारी, CDO डॉ. ललित नारायण मिश्र ने अधिकारियों को दिए व्यापक जनभागीदारी के निर्देश

17 सितंबर से हरिद्वार में शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, 18 अक्टूबर तक होंगे जनसेवा के विविध कार्यक्रम…..

सुशासन, जनकल्याण और विकसित भारत-2047 के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने की तैयारी, CDO डॉ. ललित नारायण मिश्र ने अधिकारियों को दिए व्यापक जनभागीदारी के निर्देश

हरिद्वार, 15 सितंबर 2026। उत्तराखंड शासन के निर्देश पर जनपद हरिद्वार में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन 17 सितंबर से 18 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा। अभियान का शुभारंभ ‘आशीर्वाद की दिया’ कार्यक्रम से होगा। पूरे अभियान के दौरान विभिन्न विभागों के समन्वय से जनसेवा, जनजागरूकता, स्वच्छता, स्वास्थ्य, पर्यावरण, शिक्षा, खेल और सुशासन से जुड़े अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अभियान की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जिला कार्यालय सभागार में बैठक आयोजित की गई। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में हुई बैठक में जिला स्तरीय अधिकारियों ने अभियान की रूपरेखा और विभागवार तैयारियों पर चर्चा की। CDO ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यक्रम केवल औपचारिकता तक सीमित न रहें, बल्कि अधिक से अधिक आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए जनहित से जोड़े जाएं।

सेवा दीप से लेकर सुशासन संवाद तक होंगे कई कार्यक्रम

बैठक में बताया गया कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य विकसित भारत-2047 के संकल्प, केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा सेवा और सुशासन की भावना को आमजन तक पहुंचाना है। अभियान के दौरान विभिन्न विभाग मिलकर कई थीम आधारित कार्यक्रम आयोजित करेंगे।

अभियान के तहत सेवा दीप, मेरे सपनों का भारत, सेवा कार्य, आंगन मिलन सेवा, सेवा की कहानी, सेवा ज्योति कलश यात्रा, सेवा मेरा योगदान, सेवा हेतु अभियान, सेवा के रंग–राष्ट्र के संग, सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज, सुशासन सेवा संवाद और फिट इंडिया मूवमेंट जैसी गतिविधियां प्रस्तावित हैं।

विद्यालयों और महाविद्यालयों के साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों, ग्राम पंचायतों और सार्वजनिक स्थलों पर भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य शिविर, जनसंवाद, सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेल प्रतियोगिताएं और विभिन्न जागरूकता गतिविधियां शामिल रहेंगी।

विभागों को आपसी समन्वय से अभियान चलाने के निर्देश

मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान के सभी कार्यक्रमों की समयबद्ध तैयारी पूरी की जाए और विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि अभियान का प्रभाव धरातल पर दिखाई देना चाहिए और जनसामान्य को सरकारी योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों तथा सेवा एवं सुशासन की अवधारणा से जोड़ने के प्रयास किए जाएं।

बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन जितेंद्र कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वैभव गुप्ता, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अनिल वर्मा, जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार पंत, मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित कुमार चन्द, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी, जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी नलिनी ध्यानी, जिला प्रोवेशन अधिकारी अविनाश भदौरिया, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button