अलर्टइन्वेस्टिगेशनउत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरेंपॉलिटिकल तड़काप्रदर्शन

चंपावत कांड पर कांग्रेसियों का शिवालिक नगर और हरिद्वार में उग्र प्रदर्शन,, सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर फूंका सरकार का पुतला, “महिलाओं की सुरक्षा में पूरी तरह फेल हुई भाजपा सरकार कांग्रेसियो ने लगाऐ आरोप,, ऋषिकुल मैदान से शिवालिक नगर तक गूंजा विरोध, मनोज धनगर और राजवीर चौहान ने खोला मोर्चा

इन्तजार रजा हरिद्वार- चंपावत कांड पर कांग्रेसियों का शिवालिक नगर और हरिद्वार में उग्र प्रदर्शन,,

सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर फूंका सरकार का पुतला, “महिलाओं की सुरक्षा में पूरी तरह फेल हुई भाजपा सरकार कांग्रेसियो ने लगाऐ आरोप,,

ऋषिकुल मैदान से शिवालिक नगर तक गूंजा विरोध, मनोज धनगर और राजवीर चौहान ने खोला मोर्चा

हरिद्वार/चंपावत। उत्तराखंड के चर्चित चंपावत प्रकरण को लेकर प्रदेशभर में राजनीतिक माहौल लगातार गरमाता जा रहा है। हरिद्वार में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए राज्य सरकार का पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और सरकार पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर विफल रहने का आरोप लगाया।

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि चंपावत में सामने आया मामला केवल एक अपराध नहीं बल्कि प्रदेश की कानून व्यवस्था और महिला सुरक्षा की बदहाल तस्वीर है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि सरकार और प्रशासन पूरे मामले में सच्चाई दबाने और लीपापोती करने में जुटे हुए हैं।

हरिद्वार में ऋषिकुल मैदान, शिवालिक नगर और रानीपुर क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध मार्च निकालते हुए भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान “महिलाओं को न्याय दो”, “भाजपा सरकार जवाब दो” और “बेटी बचाओ का सच बताओ” जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।

कांग्रेसी नेता मनोज धनगर ने कहा कि भाजपा सरकार सिर्फ बड़े-बड़े दावे करती है लेकिन जमीनी हकीकत बेहद डरावनी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं हैं और अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं।

मनोज धनगर ने आरोप लगाया कि जिस तरह से मामले में पीड़ित पक्ष के बयान बदलने की बातें सामने आ रही हैं, उससे साफ संकेत मिलते हैं कि कहीं न कहीं दबाव बनाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार वास्तव में निष्पक्ष है तो मामले की जांच सीबीआई या किसी सेवानिवृत्त न्यायाधीश से कराई जाए।

उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी प्रकरण के बाद भी महिलाओं को न्याय नहीं मिला और अब चंपावत की घटना ने फिर प्रदेश की छवि को धूमिल कर दिया है। “देवभूमि” में लगातार बढ़ रहे महिला अपराध सरकार की नाकामी का सबसे बड़ा प्रमाण हैं।

वहीं रानीपुर विधानसभा से पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी राजवीर सिंह चौहान ने भाजपा सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं रह गया है। वे सिर्फ प्रचार और बयानबाजी में व्यस्त हैं जबकि क्षेत्र की जनता बदहाल जीवन जीने को मजबूर है।

राजवीर चौहान ने कहा कि रानीपुर विधानसभा में नई कॉलोनियों की हालत बेहद खराब है। जगह-जगह टूटी सड़कें, जाम नालियां और बारिश में जलभराव की समस्या आम हो चुकी है। महदूद, ब्रह्मपुरी और आसपास के क्षेत्रों में लोगों का जीवन नारकीय बना हुआ है लेकिन सरकार को जनता की परेशानियों की कोई चिंता नहीं है।

उन्होंने आरोप लगाया कि तीन बार विधायक रहने के बावजूद क्षेत्र में कोई बड़ा अस्पताल, सरकारी विद्यालय या स्थायी विकास कार्य नहीं हो पाया। कांग्रेस शासनकाल में शुरू हुए कई संस्थानों को भी कमजोर कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि जनता अब भाजपा की कथनी और करनी का अंतर समझ चुकी है।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा भगवान भरोसे रह गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन पर राजनीतिक दबाव बढ़ता जा रहा है, जिसके चलते निष्पक्ष कार्रवाई प्रभावित हो रही है।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि जब तक चंपावत मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। नेताओं ने कहा कि कांग्रेस सड़कों से लेकर विधानसभा तक इस मुद्दे को मजबूती से उठाएगी।प्रदर्शन के अंत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार का पुतला दहन कर अपना आक्रोश जताया। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे। नेताओं ने कहा कि यह लड़ाई केवल एक घटना की नहीं बल्कि उत्तराखंड की महिलाओं की सुरक्षा, न्याय और सम्मान की लड़ाई है।

प्रदेशभर में लगातार बढ़ते विरोध प्रदर्शनों के बीच अब चंपावत मामला राजनीतिक रूप से बेहद संवेदनशील बन गया है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर प्रदेश की राजनीति और अधिक गरमाने के संकेत दिखाई दे रहे हैं।

Related Articles

Back to top button