सड़क सुरक्षा में हरिद्वार की बड़ी उपलब्धि,, दुर्घटनाओं में 14% कमी, प्रशासनिक सख़्ती और जागरूकता का असर,, अधिकारियों के जागरूकता बयानों और धरातल पर सक्षम कार्यवाही ने खोली सफलता की रणनीति,, प्रवर्तन अभियान का दिखा सीधा असर,, जागरूकता और जनसहभागिता से बदली हरिद्वार में सड़क सुरक्षा की तस्वीर,, राज्य के लिए बना सड़क सुरक्षा और संयम का उदाहरण हरिद्वार
हरिद्वार जनपद ने सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में वर्ष 2025 के दौरान उल्लेखनीय और सराहनीय प्रदर्शन करते हुए पूरे प्रदेश में एक सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत किया है। राज्य स्तर पर जारी हालिया सड़क दुर्घटना आंकड़ों के विश्लेषण से यह स्पष्ट होता है कि माह अक्टूबर 2025 तक हरिद्वार जनपद में बीते वर्ष की तुलना में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या में लगभग 14 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। वहीं, दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों की संख्या में भी उल्लेखनीय गिरावट देखी गई है, जिसे प्रशासन और यातायात विभाग की बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।
इन्तजार रजा हरिद्वार- सड़क सुरक्षा में हरिद्वार की बड़ी उपलब्धि,,
दुर्घटनाओं में 14% कमी, प्रशासनिक सख़्ती और जागरूकता का असर,,
अधिकारियों के जागरूकता बयानों और धरातल पर सक्षम कार्यवाही ने खोली सफलता की रणनीति,,
प्रवर्तन अभियान का दिखा सीधा असर,,
जागरूकता और जनसहभागिता से बदली हरिद्वार में सड़क सुरक्षा की तस्वीर,,
राज्य के लिए बना सड़क सुरक्षा और संयम का उदाहरण हरिद्वार

हरिद्वार जनपद ने सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में वर्ष 2025 के दौरान उल्लेखनीय और सराहनीय प्रदर्शन करते हुए पूरे प्रदेश में एक सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत किया है। राज्य स्तर पर जारी हालिया सड़क दुर्घटना आंकड़ों के विश्लेषण से यह स्पष्ट होता है कि माह अक्टूबर 2025 तक हरिद्वार जनपद में बीते वर्ष की तुलना में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या में लगभग 14 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। वहीं, दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों की संख्या में भी उल्लेखनीय गिरावट देखी गई है, जिसे प्रशासन और यातायात विभाग की बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।
यह उपलब्धि ऐसे समय में सामने आई है, जब जनपद में वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है। आंकड़ों के अनुसार, हरिद्वार में वाहन पंजीकरण में करीब 7 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है, इसके बावजूद दुर्घटनाओं में कमी यह दर्शाती है कि सड़क सुरक्षा प्रबंधन को प्रभावी ढंग से लागू किया गया है।

इस सकारात्मक बदलाव के पीछे परिवहन विभाग, यातायात पुलिस और जिला प्रशासन की संयुक्त और निरंतर कार्रवाई प्रमुख कारण मानी जा रही है। ओवरलोडिंग, बिना फिटनेस के चल रहे वाहन, नियमों की अनदेखी करने वाले चालकों के खिलाफ सख़्त प्रवर्तन अभियान चलाए गए। नियमित वाहन चेकिंग, दस्तावेज़ों की जांच और तकनीकी निरीक्षण को प्राथमिकता दी गई, जिससे सड़क पर असुरक्षित वाहनों की संख्या में कमी आई।
सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी हरिद्वार निखिल शर्मा ने इस उपलब्धि पर कहा,
“हरिद्वार जनपद में सड़क सुरक्षा को लेकर हमारी प्राथमिकता स्पष्ट रही है। लगातार चेकिंग, वाहन फिटनेस पर विशेष ध्यान और नियमों के सख़्त अनुपालन के कारण दुर्घटनाओं में कमी आई है। यह एक सतत प्रक्रिया है, जिसे आगे भी और प्रभावी बनाया जाएगा।”
प्रवर्तन अभियान का दिखा सीधा असर
एआरटीओ प्रवर्तन द्वारा चलाए गए विशेष अभियानों ने सड़क सुरक्षा को मजबूती देने में अहम भूमिका निभाई। ओवरलोड वाहनों, बिना परमिट और बिना फिटनेस के वाहनों पर लगातार कार्रवाई की गई। कई मामलों में वाहनों को सीज किया गया और भारी जुर्माना भी लगाया गया।
एआरटीओ प्रवर्तन हरिद्वार नेहा झा ने बताया,
“हमारा फोकस केवल चालान तक सीमित नहीं है, बल्कि सड़क पर चल रहे हर वाहन को सुरक्षित बनाना है। ओवरलोडिंग और अनफिट वाहन दुर्घटनाओं का बड़ा कारण होते हैं। इनके खिलाफ सख़्त कार्रवाई का सकारात्मक असर अब आंकड़ों में साफ दिखाई दे रहा है।”
उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में प्रवर्तन को और सख़्त किया जाएगा, ताकि दुर्घटनाओं की संख्या को न्यूनतम स्तर तक लाया जा सके।
यातायात प्रबंधन और अनुशासन पर जोर
यातायात पुलिस द्वारा भी सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में अहम योगदान दिया गया है। दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी, ट्रैफिक प्लान और व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया गया। स्कूल, कॉलेज और सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया गया।
टीटीओ हरिद्वार वरुणा सैनी ने कहा,
“सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में यातायात अनुशासन की बड़ी भूमिका होती है। हमने लोगों को नियमों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ नियम तोड़ने वालों पर सख़्ती भी बरती। हेलमेट, सीट बेल्ट और गति सीमा का पालन सुनिश्चित कराने से हादसों में कमी आई है।”
उन्होंने बताया कि यातायात पुलिस का प्रयास है कि नागरिक स्वेच्छा से नियमों का पालन करें, ताकि सड़कें सभी के लिए सुरक्षित बन सकें।
जागरूकता और जनसहभागिता से बदली तस्वीर
हरिद्वार में सड़क सुरक्षा को लेकर किए गए जागरूकता अभियानों ने भी बड़ा असर डाला है। प्रशासन द्वारा यह संदेश लगातार दिया गया कि सड़क सुरक्षा केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का दायित्व है। हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग, नशे में वाहन न चलाने और गति सीमा के पालन को लेकर अभियान चलाए गए, जिनका सकारात्मक असर देखने को मिला।
राज्य के लिए बना उदाहरण
प्रशासन का मानना है कि हरिद्वार का यह प्रदर्शन उत्तराखंड के अन्य जनपदों के लिए एक मिसाल है। बढ़ते यातायात दबाव के बावजूद दुर्घटनाओं और मृतकों की संख्या में कमी यह साबित करती है कि सही रणनीति, सख़्त प्रवर्तन और जनसहभागिता से सड़क सुरक्षा को मजबूत किया जा सकता है।
अंत में परिवहन विभाग और यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, अपने वाहनों की नियमित फिटनेस जांच कराएं और सड़क सुरक्षा को सामूहिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाएं। यही सहयोग भविष्य में हरिद्वार को और अधिक सुरक्षित जनपद बनाने की दिशा में निर्णायक भूमिका निभाएगा।



