कबूतरबाजी के नाम पर पक्षियों की ‘अग्निपरीक्षा’! आसफनगर में कथित प्रतियोगिता का पोस्टर वायरल, प्रशासन से कार्रवाई की मांग घंटों तक कबूतर उड़ाने, एंट्री फीस व नियमों वाले पोस्टर ने खड़े किए सवाल; क्या शौक के नाम पर हो रही है पक्षी क्रूरता? पशु प्रेमियों ने कहा— वायरल पोस्टर की जांच कर दोषियों पर हो कार्रवाई, बिना अनुमति ऐसे आयोजनों पर लगे रोक

कबूतरबाजी के नाम पर पक्षियों की ‘अग्निपरीक्षा’! आसफनगर में कथित प्रतियोगिता का पोस्टर वायरल, प्रशासन से कार्रवाई की मांग
घंटों तक कबूतर उड़ाने, एंट्री फीस व नियमों वाले पोस्टर ने खड़े किए सवाल; क्या शौक के नाम पर हो रही है पक्षी क्रूरता?
पशु प्रेमियों ने कहा— वायरल पोस्टर की जांच कर दोषियों पर हो कार्रवाई, बिना अनुमति ऐसे आयोजनों पर लगे रोक
पिरान कलियर। क्षेत्र के आसफनगर में प्रस्तावित बताई जा रही एक कथित कबूतरबाजी प्रतियोगिता का पोस्टर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद गहरा गया है। पोस्टर में कबूतरों को कई घंटों तक उड़ाने, प्रतियोगिता कराने और प्रतिभागियों से प्रवेश शुल्क लेने का उल्लेख है। इसके बाद पशु प्रेमियों ने इसे पक्षी क्रूरता का मामला बताते हुए प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।

वायरल पोस्टर के अनुसार 30 जून को आयोजित होने वाली इस कथित प्रतियोगिता में कबूतरों को अलग-अलग समय तक लगातार उड़ाने के नियम बनाए गए हैं। पोस्टर में आयोजन स्थल आसफनगर बताया गया है तथा आयोजन से जुड़े आरिफ और आजम नाम के व्यक्तियों के मोबाइल नंबर भी प्रकाशित किए गए हैं।
पशु संरक्षण से जुड़े लोगों का कहना है कि किसी भी पक्षी को प्रतियोगिता या मनोरंजन के लिए घंटों तक उड़ाना उसकी प्राकृतिक क्षमता पर अनावश्यक दबाव डाल सकता है। यदि ऐसा कराया जा रहा है तो इसकी जांच की जानी चाहिए कि कहीं यह पशु क्रूरता और संबंधित कानूनों का उल्लंघन तो नहीं है।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन, पुलिस और पशुपालन विभाग से मांग की है कि वायरल पोस्टर की सत्यता, आयोजन की अनुमति और प्रतियोगिता के नियमों की जांच कराई जाए। यदि जांच में नियमों का उल्लंघन या पक्षियों के साथ क्रूरता सामने आती है तो संबंधित आयोजकों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
हालांकि, अभी तक प्रशासन की ओर से इस प्रतियोगिता को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि या कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है। वहीं, आयोजकों का पक्ष भी सार्वजनिक रूप से उपलब्ध नहीं हो सका है।



